राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा टोंक में भाजपा कार्यकर्ताओं का हाथ जोड़कर अभिवादन स्वीकार करते हुए।

राजस्थान में पंचायत चुनावों को लेकर भाजपा ने अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने 28 अक्टूबर को टोंक जिले के डिग्गी में टोंक और सवाई माधोपुर के पार्टी कार्यकर्ताओं से संवाद करते हुए निकाय चुनावों में भाजपा की ऐतिहासिक जीत का श्रेय कार्यकर्ताओं के अथक परिश्रम और जनता के अटूट विश्वास को दिया। उन्होंने पंचायत चुनावों में भी शानदार सफलता हासिल करने का आह्वान करते हुए कहा कि ट्रिपल इंजन सरकार के माध्यम से गांवों में विकास की रफ्तार तीन गुना होगी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि गांवों का विकास ही विकसित राजस्थान की आधारशिला है। राज्य सरकार ने ग्राम विकास संकल्प पत्र-2026 के माध्यम से प्रत्येक ग्राम पंचायत में अटल ज्ञान केंद्र, ग्राम सेवा सहकारी समिति, सीनियर सेकेंडरी स्कूल, इंटरनेट सुविधा, स्वास्थ्य केंद्र, सोलर लाइट, खेल मैदान और ओपन जिम जैसी सुविधाएं विकसित करने का संकल्प लिया है। आगामी पांच वर्षों में प्रत्येक ग्राम पंचायत में औसतन पांच करोड़ रुपये के विकास कार्य करवाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।

उन्होंने कहा कि किसानों के लिए सम्मान निधि को बढ़ाकर 12 हजार रुपये करना, 25 लाख ग्रामीण महिलाओं को लखपति दीदी बनाना और युवाओं के लिए 15 हजार नए स्कूल भवन व बड़े उद्योगों के माध्यम से रोजगार के अवसर सृजित करना राज्य सरकार का संकल्प है। मुख्यमंत्री ने कहा कि ग्राम विकास संकल्प पत्र के जरिए गांवों में शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क और पेयजल जैसी बुनियादी सुविधाओं का विस्तार किया जाएगा।

मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने टोंक जिले में पिछले पौने तीन वर्षों के दौरान कराए जा रहे विकास कार्यों का भी उल्लेख किया। उन्होंने बताया कि राज्य सरकार की ओर से टोंक जिले में 3 हजार 841 करोड़ रुपये के कार्य करवाए जा रहे हैं। बीसलपुर परियोजना के तहत 102 करोड़ रुपये से अधिक की लागत से मरम्मत एवं जीर्णोद्धार के कार्य किए जा रहे हैं। इसके साथ ही निवाई, डिग्गी और लांबा हरिसिंह में 92 करोड़ रुपये की शहरी पेयजल योजनाओं से जुड़े कार्य करवाए जा रहे हैं।

उन्होंने सवाई माधोपुर जिले में चल रहे विकास कार्यों की जानकारी देते हुए बताया कि यहां 17 हजार 173 करोड़ रुपये के विकास कार्य करवाए जा रहे हैं। सूरवाल से कुस्तला तक 130 करोड़ रुपये की लागत से बाईपास सड़क का निर्माण कराया जा रहा है। इसके अलावा सवाई माधोपुर और रईथांकलां में 400-400 केवी जीएसएस का निर्माण कार्य प्रगतिरत है।

मुख्यमंत्री ने कार्यकर्ताओं से इन विकास कार्यों और सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी आमजन तक पहुंचाने की अपील की। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ता पार्टी की विचारधारा के ध्वजवाहक होने के साथ ही सरकार और जनता के बीच मजबूत सेतु हैं। उन्होंने ‘मेरा बूथ, सबसे मजबूत’ के संकल्प के साथ पंचायत चुनावों में जुटने का आह्वान किया और विश्वास जताया कि कार्यकर्ताओं के समर्पण तथा जनता के आशीर्वाद से भाजपा पंचायत चुनावों में भी शानदार सफलता हासिल करेगी। मुख्यमंत्री के संवाद का केंद्र गांवों में विकास कार्यों का विस्तार और आगामी पंचायत चुनावों में पार्टी की जीत सुनिश्चित करने के लिए कार्यकर्ताओं की सक्रिय भागीदारी रहा।

Tags: