राजस्थान पुलिस का 'साइबर सिक्योरिटी हैकाथॉन-2026' जयपुर में, 37 टीमें लेंगी हिस्सा
| राजस्थान पुलिस अकादमी में आयोजित दो दिवसीय हैकाथॉन में देशभर के तकनीकी विशेषज्ञ साइबर ठगी रोकने, मनी ट्रेल और जांच के लिए आधुनिक डिजिटल टूल्स विकसित करेंगे।
जयपुर में साइबर अपराधियों के नए-नए तरीकों पर लगाम लगाने और पुलिस जांच को तकनीक से अधिक प्रभावी बनाने के लिए राजस्थान पुलिस बड़ी पहल करने जा रही है। राजस्थान पुलिस और राजस्थान साइबर क्राइम कंट्रोल सेंटर (आर4सी) के संयुक्त तत्वावधान में 28 और 29 नवंबर को जयपुर स्थित राजस्थान पुलिस अकादमी में ‘साइबर सिक्योरिटी हैकाथॉन-2026’ आयोजित होगा। इसमें देशभर से चयनित 37 टीमें लगातार 24 घंटे तक काम करते हुए साइबर अपराधों से निपटने के लिए तकनीकी समाधान और डिजिटल टूल्स विकसित करेंगी।
हैकाथॉन का उद्घाटन 28 नवंबर को सुबह 10 बजे महानिदेशक पुलिस राजीव कुमार शर्मा और अतिरिक्त मुख्य सचिव (गृह) भास्कर ए. सावंत करेंगे। दो दिवसीय आयोजन का समापन समारोह 29 नवंबर को शाम 4 बजे होगा। इस अवसर पर मुख्य सचिव वी. श्रीनिवास विजेता टीमों को पुरस्कृत करेंगे।
अतिरिक्त महानिदेशक पुलिस (साइबर क्राइम) वी.के. सिंह ने बताया कि हैकाथॉन का मुख्य उद्देश्य पुलिसिंग में तकनीकी नवाचार को प्रोत्साहित करना और साइबर अपराधों के विरुद्ध त्वरित एवं आधुनिक तंत्र विकसित करना है। आयोजन में स्टार्टअप और तकनीकी संस्थानों को अपने साइबर सुरक्षा उत्पादों एवं समाधानों का प्रदर्शन करने का अवसर भी मिलेगा। इससे विद्यार्थियों, तकनीकी विशेषज्ञों और पुलिस अधिकारियों के बीच सहयोग बढ़ेगा तथा साइबर अपराधों की रोकथाम और अनुसंधान के लिए नए तकनीकी विकल्प विकसित हो सकेंगे।
हैकाथॉन में केवल तकनीकी मॉडल तैयार करने तक सीमित रहने के बजाय पुलिस के सामने आने वाली वास्तविक चुनौतियों के समाधान पर भी काम किया जाएगा। इनमें 1930 साइबर हेल्पलाइन पर मिलने वाली शिकायतों पर त्वरित कार्रवाई, साइबर ठगी के मामलों में ठगी की रकम की रिकवरी, महिलाओं एवं बच्चों के विरुद्ध ऑनलाइन अपराधों की रोकथाम और साइबर अपराधों से संबंधित प्रक्रियाओं का ऑटोमेशन प्रमुख रूप से शामिल हैं। इसके साथ ही साइबर अपराधों की जांच, अपराधियों के विरुद्ध कार्रवाई और साइबर हॉटस्पॉट की पहचान कर प्रभावी प्रवर्तन के लिए तकनीकी उपाय विकसित किए जाएंगे।
दो दिवसीय आयोजन के पहले दिन पांच विशेषज्ञ तकनीकी सत्र आयोजित होंगे। इनमें 1930 साइबर हेल्पलाइन, साइबर अपराधों से बचाव एवं त्वरित कार्रवाई, महिलाओं और बच्चों के विरुद्ध ऑनलाइन अपराध, साइबर ठगी की राशि वापस दिलाने की प्रक्रिया एवं शिकायत निवारण मॉड्यूल, साइबर अपराधों से संबंधित प्रक्रियाओं का स्वचालन और साइबर अपराध हॉटस्पॉट पर प्रभावी प्रवर्तन एवं कार्रवाई जैसे विषयों पर चर्चा होगी। इन सत्रों में राजस्थान साइबर क्राइम कंट्रोल सेंटर (आर4सी) की कार्यप्रणाली, साइबर अपराधों से निपटने के प्रभावी उपाय और आधुनिक साइबर सुरक्षा तकनीकों पर भी विशेषज्ञ विचार रखेंगे।
प्रतियोगिता में पांच प्रमुख तकनीकी चुनौतियों पर देशभर से आई टीमें शोध और नवाचार करेंगी। पहली चुनौती फर्जी वेबसाइट, फिशिंग लिंक और संदिग्ध ऐप के माध्यम से होने वाली ठगी की पहचान करने से जुड़ी है। दूसरी चुनौती टेलीग्राम और सोशल मीडिया पर अवैध गतिविधियों की निगरानी के लिए तकनीकी समाधान विकसित करना है। तीसरे विषय में एआई आधारित जांच सहायक के साथ सीडीआर एवं आईपीडीआर विश्लेषण टूल तैयार किया जाएगा। चौथी चुनौती एटीएम एवं कार्ड धोखाधड़ी की जांच के लिए सीसीटीवी फुटेज से संदिग्ध व्यक्ति के चेहरे की स्पष्ट तस्वीर निकालने की तकनीक विकसित करना है। पांचवीं चुनौती वित्तीय अपराधों से जुड़े डिजिटल नेटवर्क और धन के लेन-देन की कड़ियों यानी मनी ट्रेल का विश्लेषण करने वाला सिस्टम तैयार करने की है।
हैकाथॉन के दौरान विशेष प्रदर्शनी भी आयोजित होगी, जिसमें आईटी टेक कंपनियां और राजस्थान पुलिस सहित अन्य संस्थान अपने कार्यों एवं तकनीकी समाधानों का प्रदर्शन करेंगे। प्रदर्शनी में एआई आधारित साइबर समाधान, ओपन सोर्स इंटेलिजेंस, फॉरेंसिक साइंसेज और डेटा एनालिसिस से जुड़ी तकनीकों को प्रदर्शित किया जाएगा। इसके साथ ही आर4सी के विकास के लिए राजस्थान पुलिस की ओर से अब तक किए गए प्रयासों की झलक भी प्रस्तुत की जाएगी। आयोजन के दौरान कैप्चर द फ्लैग प्रतियोगिता भी होगी।
प्रतियोगिता में जयपुर, सूरतगढ़, पुणे, पंजाब, झारखंड, महाराष्ट्र, उत्तरप्रदेश, गुजरात, दिल्ली, पटना और तमिलनाडु के अलावा आईआईटी मद्रास, नेशनल फॉरेंसिक साइंसेज यूनिवर्सिटी और राष्ट्रीय रक्षा यूनिवर्सिटी सहित कई बड़े विश्वविद्यालयों की 37 टीमें हिस्सा लेंगी। प्रत्येक टीम में अधिकतम चार सदस्य शामिल हो सकते हैं। टीमों को पांच समस्या क्षेत्रों में से किसी एक का चयन कर उसका तकनीकी समाधान विकसित करना होगा।
प्रत्येक समस्या श्रेणी में प्रथम पुरस्कार के रूप में 50 हजार रुपये, द्वितीय पुरस्कार के रूप में 35 हजार रुपये और तृतीय पुरस्कार के रूप में 15 हजार रुपये दिए जाएंगे। इस प्रकार पांच श्रेणियों में कुल 15 पुरस्कारों के लिए पांच लाख रुपये की राशि निर्धारित की गई है। इसके अतिरिक्त प्रत्येक साइबर क्राइम पुलिस थाने से दो पुलिसकर्मी और प्रोबेशनर्स भी हैकाथॉन में हिस्सा लेंगे। जयपुर के 14 इंजीनियरिंग कॉलेजों के 70 साइबर जिज्ञासु छात्र भी इस आयोजन में शामिल होंगे।
उल्लेखनीय है कि हैकाथॉन के लिए 1 नवंबर से 24 नवंबर 2026 तक ऑनलाइन पंजीकरण प्रक्रिया संचालित की गई थी। इसमें देशभर से 342 टीमों के कुल 938 प्रतिभागियों ने आवेदन किया। चयन प्रक्रिया के बाद 37 टीमों को अंतिम चरण के लिए चुना गया है। इन टीमों के 109 विद्यार्थियों को फाइनल में हिस्सा लेने के लिए आमंत्रित किया गया है।
आयोजन की व्यवस्थाओं के लिए सात समितियों का गठन किया गया है। इनके प्रभारी और सहप्रभारी सहित कुल 70 कार्मिक नियुक्त किए गए हैं। हैकाथॉन के माध्यम से साइबर ठगी की पहचान, शिकायतों पर त्वरित कार्रवाई, ठगी की रकम की रिकवरी और डिजिटल साक्ष्यों के विश्लेषण जैसे पुलिसिंग से जुड़े अहम क्षेत्रों में व्यावहारिक तकनीकी समाधान विकसित करने का प्रयास किया जाएगा।