जयपुर के तीन युवा मार्शल आर्ट्स खिलाड़ियों ने बनाए इंडिया और एशिया रिकॉर्ड
| शिवा क्लब के गिर्राज मीणा, पूर्वा श्री और भविष्य धनोपिया ने एक मिनट में पंच, नी स्ट्राइक्स और किक्स के अलग-अलग वर्गों में ये कीर्तिमान स्थापित किए।
जयपुर के शिवा क्लब में इंडिया व एशिया रिकॉर्ड बनाने वाले युवा खिलाड़ी (बाएं से) भविष्य, गिर्राज और पूर्वा।
जयपुर में शिवा क्लब के तीन युवा खिलाड़ियों ने मार्शल आर्ट्स में असाधारण प्रदर्शन करते हुए इंडिया और एशिया रिकॉर्ड अपने नाम किए हैं। 16 वर्षीय गिर्राज मीणा, 14 वर्षीय पूर्वा श्री और 14 वर्षीय भविष्य धनोपिया ने 27 नवंबर 2026 को आयोजित आधिकारिक रिकॉर्ड प्रयास में अपनी प्रतिभा, गति और तकनीकी दक्षता का प्रदर्शन कर यह उपलब्धि हासिल की। तीनों खिलाड़ियों के रिकॉर्ड प्रयास इंडिया बुक ऑफ रिकॉर्ड्स और एशिया बुक ऑफ रिकॉर्ड्स के आधिकारिक प्रतिनिधि एवं एडजुडिकेटर डॉ. भुवनेश माथुरिया की मौजूदगी में शिवा क्लब में आयोजित किए गए।
रिकॉर्ड प्रयास के दौरान 16 वर्षीय गिर्राज मीणा ने एक किलोग्राम का रिस्ट वेट (कलाई पर वजन) पहनकर महज एक मिनट में 466 फुल-कॉन्टैक्ट पंच लगाए। उनके इस प्रदर्शन को इंडिया रिकॉर्ड की श्रेणी में दर्ज किया गया।
वहीं, 14 वर्षीय पूर्वा श्री ने दो किलोग्राम वजन पकड़कर एक मिनट में 220 नी स्ट्राइक्स लगाईं। निर्धारित समय में उन्होंने अपनी गति और तकनीकी दक्षता का प्रदर्शन करते हुए इंडिया और एशिया, दोनों रिकॉर्ड श्रेणियों में उपलब्धि हासिल की।
इसी तरह 14 वर्षीय भविष्य धनोपिया ने दो किलोग्राम वजन पकड़कर एक मिनट में 311 डबल स्लैप किक्स लगाईं। उनके इस प्रदर्शन को भी इंडिया और एशिया रिकॉर्ड की श्रेणी में दर्ज किया गया। तीनों खिलाड़ियों की अलग-अलग श्रेणियों में हासिल की गई यह उपलब्धि मार्शल आर्ट्स के क्षेत्र में उनकी मेहनत और निरंतर अभ्यास को दर्शाती है।
तीनों खिलाड़ियों को इस मुकाम तक पहुंचाने में शिवा क्लब के संस्थापक और उनके मार्गदर्शक प्रदीप सिंह राघव की अहम भूमिका रही है। प्रदीप सिंह राघव स्वयं वर्ष 2013 में अंतरराष्ट्रीय स्तर पर ताइक्वांडो में स्वर्ण पदक और साउथ एशियन स्तर पर मुए थाई में स्वर्ण पदक जीत चुके हैं। वे ताइक्वांडो में ब्लैक बेल्ट चौथे डैन धारक हैं और भारत ताइक्वांडो से नेशनल कोच लेवल-3 लाइसेंस प्राप्त कर चुके हैं।
प्रदीप सिंह राघव ने वर्ष 2018 से अब तक 30,000 से अधिक बालिकाओं और महिलाओं को आत्मरक्षा का प्रशिक्षण दिया है। इस पहल के तहत 30 से अधिक सरकारी स्कूलों में निःशुल्क मार्शल आर्ट्स कक्षाएं भी आयोजित की गई हैं। वे पिछले 11 वर्षों से शिवा क्लब का संचालन कर रहे हैं और लगातार युवाओं को खेल, अनुशासन तथा आत्मरक्षा के प्रति प्रेरित कर रहे हैं।
तीनों खिलाड़ियों की उपलब्धि पर प्रदीप सिंह राघव ने कहा, "गिर्राज मीणा, पूर्वा श्री और भविष्य धनोपिया की मेहनत और लगन देखकर मुझे पूरा विश्वास है कि वे भविष्य में भारत का नाम अंतरराष्ट्रीय स्तर पर रोशन करेंगे। इन खिलाड़ियों की उपलब्धियां उनके निरंतर अभ्यास और समर्पण का परिणाम हैं। हम उन्हें खेल के क्षेत्र में आगे बढ़ने और देश का नाम रोशन करने के लिए हर संभव सहयोग प्रदान करेंगे।"
गिर्राज मीणा, पूर्वा श्री और भविष्य धनोपिया की इस उपलब्धि से उनके माता-पिता और गुरुजनों के साथ पूरे जयपुर शहर और राजस्थान का गौरव बढ़ा है। कम उम्र में इंडिया और एशिया रिकॉर्ड बनाने वाले इन खिलाड़ियों की सफलता ने मार्शल आर्ट्स में उनकी प्रतिभा, अनुशासन और समर्पण को सामने रखा है।