संविधान के मूल्यों पर मुख्य सचिव का जोर, छात्राओं को अधिकारों के साथ कर्तव्यों का भी दिलाया महत्व
| जयपुर के कानोड़िया पीजी महिला महाविद्यालय में संविधान जागरूकता कार्यक्रम के दौरान मुख्य सचिव वी. श्रीनिवास ने छात्राओं को संवैधानिक अधिकारों, कर्तव्यों और महिलाओं की प्रगति के महत्व पर संबोधित किया। प्रश्नोत्तरी विजेताओं को भी सम्मानित किया गया।
जयपुर। संविधान के अधिकारों के प्रति जागरूकता के साथ नागरिक कर्तव्यों का पालन भी एक जिम्मेदार समाज के निर्माण के लिए जरूरी है। इसी संदेश के साथ मुख्य सचिव वी. श्रीनिवास ने युवाओं से संवैधानिक मूल्यों को अपने जीवन और व्यवहार में अपनाने का आह्वान किया। वे गुरुवार, 26 नवम्बर को जयपुर के कानोड़िया पीजी महिला महाविद्यालय में आयोजित संविधान जागरूकता कार्यक्रम को मुख्य अतिथि के रूप में संबोधित कर रहे थे।
राजस्थान सरकार के शांति एवं अहिंसा विभाग तथा कानोड़िया पीजी महिला महाविद्यालय के संयुक्त तत्वावधान में संविधान अंगीकार किए जाने की 77वीं वर्षगांठ के अवसर पर कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान मुख्य सचिव वी. श्रीनिवास ने छात्राओं और उपस्थित अतिथियों के साथ संविधान की प्रस्तावना का सामूहिक वाचन किया।
मुख्य सचिव ने भारत रत्न डॉ. भीमराव अम्बेडकर के विचारों का उल्लेख करते हुए कहा कि महिलाओं की प्रगति ही समाज की उन्नति का पैमाना है। संविधान से मिले अधिकारों ने महिलाओं के लिए शिक्षा, नेतृत्व और आत्मनिर्भरता के नए अवसर खोले हैं। उन्होंने कहा कि छात्राएँ भविष्य में प्रशासक, विधिवेत्ता, वैज्ञानिक और उद्यमी बनकर प्रगतिशील भारत के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगी।
उन्होंने कहा कि मौलिक अधिकार, मौलिक कर्तव्य और राज्य के नीति निर्देशक तत्व न्यायपूर्ण समाज तथा उत्तरदायी प्रशासन की बुनियाद हैं। नैतिकता, जवाबदेही, सामाजिक सद्भाव और बंधुत्व को केवल संवैधानिक सिद्धांतों तक सीमित रखने के बजाय व्यवहार में अपनाना आवश्यक है। उन्होंने छात्राओं को संविधान और उसकी प्रस्तावना का नियमित अध्ययन करने के लिए प्रेरित किया। साथ ही कहा कि कल्याणकारी राज्य का उद्देश्य विकास का लाभ समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति तक पहुँचाना है।
श्री श्रीनिवास ने ‘मिनिमम गवर्नमेंट, मैक्सिमम गवर्नेंस’ की अवधारणा को नागरिकों के डिजिटल एम्पावरमेंट और संस्थाओं के डिजिटल ट्रांसफॉर्मेशन से जोड़ते हुए कहा कि आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस के दौर में तकनीक आर्थिक एवं मानवीय विकास की महत्वपूर्ण प्रेरक शक्ति बन रही है। उन्होंने छात्राओं से नई तकनीक अपनाने, रचनात्मक प्रश्न पूछने, निर्भीक होकर नवाचार करने तथा संवेदनशीलता और सत्यनिष्ठा के साथ नेतृत्व करने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में शांति एवं अहिंसा विभाग की शासन सचिव डॉ. आरुषि मलिक ने छात्राओं से अपने-अपने कार्यक्षेत्र में आगे बढ़ने के साथ समाज, प्रदेश और देश के प्रति जिम्मेदारियों का निर्वहन करने की अपील की। उन्होंने डॉ. भीमराव अम्बेडकर के संघर्षपूर्ण जीवन और शिक्षा के प्रति उनके समर्पण से प्रेरणा लेने की बात कही।
इस अवसर पर शांति एवं अहिंसा विभाग के निदेशक श्री अजय असवाल के संचालन में संविधान विषयक प्रश्नोत्तरी आयोजित की गई, जिसमें छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। मुख्य सचिव ने प्रश्नोत्तरी की विजेता प्रतिभागियों को स्मृति चिह्न प्रदान कर सम्मानित किया। उन्होंने संवैधानिक जागरूकता बढ़ाने के लिए शांति एवं अहिंसा विभाग और महाविद्यालय की ओर से किए जा रहे प्रयासों की सराहना भी की।
कार्यक्रम में मुख्य वक्ता के रूप में डॉ. भीमराव अम्बेडकर विधि विश्वविद्यालय, जयपुर की कुलगुरु प्रो. निष्ठा जसवाल मौजूद रहीं। महाविद्यालय की निदेशक डॉ. रश्मि चतुर्वेदी, प्राचार्य डॉ. सीमा अग्रवाल सहित संकाय सदस्य और छात्राएँ भी कार्यक्रम में उपस्थित रहे। कार्यक्रम के माध्यम से छात्राओं को संवैधानिक अधिकारों, नागरिक कर्तव्यों और लोकतांत्रिक मूल्यों के प्रति जागरूक करने पर जोर दिया गया।