राजस्थान डीजीपी राजीव कुमार शर्मा का सीमावर्ती जिलों का दो दिवसीय दौरा
जैसलमेर, बाड़मेर, बालोतरा और जालोर में कानून व्यवस्था की समीक्षा होगी, डीजीपी जनसुनवाई के जरिए ग्रामीणों और पुलिसकर्मियों से संवाद करेंगे।
राजस्थान के पुलिस महानिदेशक श्री राजीव कुमार शर्मा 16 एवं 17 सितंबर को प्रदेश के सीमावर्ती क्षेत्रों के दो दिवसीय दौरे पर रहेंगे। इस दौरान वे सीमावर्ती थानों और बॉर्डर आउट पोस्ट का निरीक्षण करने के साथ पुलिसकर्मियों एवं सीमा प्रहरियों से संवाद करेंगे तथा कानून व्यवस्था की समीक्षा करेंगे। डीजीपी ग्रामीणों की परिवेदनाएं सुनने के लिए ‘सीमा संवाद एवं जनसुनवाई’ में भी शामिल होंगे।
डीजीपी श्री शर्मा 16 सितंबर को सुबह 10.30 बजे फलौदी के नोख थाने पहुंचकर पुलिसकर्मियों से संवाद करेंगे। इसके बाद ग्राम जालुवाला में ‘सीमा संवाद एवं जनसुनवाई’ के दौरान स्थानीय निवासियों से रूबरू होंगे। दोपहर 2 बजे बॉर्डर आउट पोस्ट का निरीक्षण करने के साथ सीमा प्रहरियों से संवाद करेंगे और सीमा क्षेत्र का दौरा भी करेंगे।
इसके बाद डीजीपी जैसलमेर के सीमावर्ती ग्राम भारेवाला और रणाऊ में ‘सीमा संवाद एवं जनसुनवाई’ करेंगे। बॉर्डर आउट पोस्ट पर सीमा प्रहरियों से संवाद और दौरे का भी कार्यक्रम रहेगा। डीजीपी श्री शर्मा रात्रि विश्राम तनोट में करेंगे।
पुलिस महानिदेशक 17 सितंबर को सुबह तनोटराय माता मंदिर के दर्शन के बाद सांगड़ थाने का निरीक्षण करेंगे और पुलिसकर्मियों से संवाद करेंगे। इसके बाद बालोतरा के सिणधरी थाने पहुंचकर बालोतरा और बाड़मेर के पुलिस अधीक्षकों के साथ कानून व्यवस्था पर चर्चा करेंगे।
डीजीपी श्री शर्मा करीब 3 बजे जालोर पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचेंगे। यहां जालोर, पाली और सिरोही के पुलिस अधीक्षक अपने-अपने जिलों की कानून व्यवस्था एवं अपराध की स्थिति पर प्रस्तुतीकरण देंगे। इसके आधार पर कानून व्यवस्था एवं अपराध की स्थिति की समीक्षा की जाएगी।
डीजीपी का यह दो दिवसीय दौरा जैसलमेर, बाड़मेर, बालोतरा और जालोर के सीमावर्ती क्षेत्रों में पुलिस व्यवस्था, सीमा सुरक्षा से जुड़े दायित्वों तथा कानून व्यवस्था की स्थिति की समीक्षा के साथ पुलिसकर्मियों और ग्रामीणों से सीधे संवाद पर केंद्रित रहेगा।