जयपुर में पंचायतीराज संस्थाओं के श्रेणीवार आरक्षण निर्धारण एवं आवंटन को लेकर 17 एवं 18 सितंबर को होने वाली बैठक और लॉटरी कार्यक्रम को आगामी आदेश तक स्थगित कर दिया गया है। नगरीय निकाय आम चुनाव 2026 का कार्यक्रम जारी रहने के कारण यह प्रशासनिक निर्णय लिया गया है।

पंचायती राज संस्थाओं के लिए श्रेणीवार आरक्षण निर्धारण एवं आवंटन की बैठक 17 सितंबर को दोपहर 12:00 बजे कलेक्ट्रेट सभागार में निर्धारित थी। इस बैठक में जिला परिषद् सदस्य, प्रधान एवं पंचायत समिति सदस्यों के लिए आरक्षण निर्धारण एवं आवंटन किया जाना था।

इसी क्रम में सरपंच एवं पंच के लिए 18 सितंबर को संबंधित उपखण्ड मुख्यालय पर बैठक निर्धारित की गई थी। जिला मुख्यालय एवं उपखंड कार्यालय स्तर पर होने वाले लॉटरी एवं आरक्षण कार्यक्रम को अब आगामी आदेश तक स्थगित कर दिया गया है।

जिला कलक्टर (पंचायत) जयपुर संदेश नायक ने बताया कि नगरीय निकाय आम चुनाव 2026 का कार्यक्रम जारी रहने के कारण पंचायती राज संस्थाओं के लिए निर्धारित लॉटरी व आरक्षण कार्यक्रम स्थगित किया गया है। अब इन बैठकों और आरक्षण प्रक्रिया के संबंध में आगामी आदेश के बाद ही कार्यक्रम तय किया जाएगा।

Tags: