जयपुर मंडल के 5 रेलवे स्टेशनों पर प्लेटफॉर्म की ऊंचाई बढ़ी, ट्रेन में चढ़ना हुआ आसान
उत्तर पश्चिम रेलवे ने साखुन, नुआं, जीलो, अमरापुर जोरासी और अरनिया में प्लेटफॉर्म्स को हाई लेवल कर यात्री सुरक्षा और परिचालन दक्षता में सुधार किया है।
तस्वीर में नुआं रेलवे स्टेशन का नवनिर्मित प्लेटफॉर्म और पीले रंग का नामपट्ट दिख रहा है।
जयपुर मंडल के साखुन, नुआं, जीलो, अमरापुर जोरासी और अरनिया स्टेशनों पर प्लेटफॉर्मों की ऊंचाई बढ़ाने का कार्य पूरा किया गया है। रेलवे ने यात्री सुविधाओं में बढ़ोतरी और आधुनिकीकरण की दिशा में यह कार्य किया है, जिससे इन स्टेशनों पर यात्रियों के आवागमन और ट्रेनों में सुरक्षित चढ़ने-उतरने की सुविधा में सुधार होगा।
रेलवे द्वारा यात्रियों की सुविधा के लिए स्टेशनों पर प्लेटफॉर्म निर्माण, प्लेटफॉर्म उन्नयन और विस्तार सहित अनेक कार्य किए जा रहे हैं। उत्तर पश्चिम रेलवे के सभी स्टेशनों पर यात्री सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए किए जा रहे इन कार्यों का उद्देश्य यात्रियों को अधिक सुविधाजनक, संरक्षित और सुगम यात्रा अनुभव प्रदान करना है।
इसी क्रम में जयपुर मंडल के साखुन, नुआं, जीलो, अमरापुर जोरासी और अरनिया स्टेशनों के प्लेटफॉर्मों की ऊंचाई बढ़ाने का कार्य किया गया है। साखुन स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर 1 को रेल लेवल से हाई लेवल किया गया है। वहीं, नुआं स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर 2 को मीडियम लेवल से हाई लेवल करने के साथ 175 मीटर विस्तार किया गया है।
इसके अलावा जीलो, अमरापुर जोरासी और अरनिया स्टेशनों के प्लेटफॉर्म नंबर 1 को मीडियम लेवल से हाई लेवल करने का कार्य भी पूरा किया गया है।
इन कार्यों के पूरा होने से इन स्टेशनों पर यात्रियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध होने के साथ प्लेटफॉर्म की उपयोगिता और यात्री आवागमन में सुधार होगा। साथ ही, ट्रेनों में यात्रियों के सुरक्षित चढ़ने-उतरने की सुविधा भी बेहतर होगी।
रेलवे द्वारा स्टेशन सुविधाओं के निरंतर उन्नयन की दिशा में किए जा रहे ये कार्य यात्री-केंद्रित रेल सेवाओं को और मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे। इसके साथ ही ये कार्य रेलवे की परिचालन दक्षता को भी सुदृढ़ करने में सहायक सिद्ध होंगे।