मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने राज उन्नति की नवीं बैठक में योजनाओं की समीक्षा की
मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने राज उन्नति की नवीं बैठक में योजनाओं, परियोजनाओं और परिवेदनाओं की समीक्षा की। स्मार्ट योजना, 6 नए ट्रोमा सेंटर, अटल प्रगति पथ समेत कई कार्यों पर निर्देश दिए।
तस्वीर में मुख्यमंत्री कार्यालय में राज उन्नति की बैठक के दौरान अधिकारी और जनप्रतिनिधि चर्चा करते हुए नजर आ रहे हैं।
मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने गुरुवार को मुख्यमंत्री कार्यालय में राज उन्नति की नवीं बैठक की अध्यक्षता करते हुए विभिन्न योजनाओं, परियोजनाओं एवं परिवेदनाओं की प्रगति की समीक्षा की। बैठक में उन्होंने अधिकारियों को आमजन से जुड़ी योजनाओं और सार्वजनिक सेवाओं के क्रियान्वयन में तेजी लाने के निर्देश दिए।
मुख्यमंत्री ने निर्देश दिए कि स्मार्ट योजना के जरिये आमजन को अधिक से अधिक विभागों की सार्वजनिक सेवाएं उपलब्ध कराई जाएं। उन्होंने डॉ श्यामा प्रसाद मुखर्जी जिला उत्थान योजना का बेहतर क्रियान्वयन सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए।
बैठक में आरआईटी की स्थापना, 6 नए ट्रोमा सेंटर की स्थापना, अटल प्रगति पथ, स्कूल भवनों के पुनरुद्धार एवं अटल ज्ञान केन्द्रों की स्थापना के कार्य को प्राथमिकता से पूरा करने पर भी निर्देश दिए गए। मुख्यमंत्री ने पन्नाधाय बालगोपाल योजना, वीबी-जीराम-जी और पीएम आवास योजना-ग्रामीण के संबंध में भी आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कहा कि आमजन की परिवेदनाओं को समय से निस्तारित किया जाए, जिससे उन्हें राहत मिल सके। उन्होंने योजनाओं एवं परियोजनाओं की प्रगति के साथ परिवेदनाओं के समयबद्ध निस्तारण को भी प्राथमिकता देने के निर्देश दिए।
बैठक में मुख्य सचिव वी. श्रीनिवास सहित विभिन्न विभागों के अतिरिक्त मुख्य सचिव, प्रमुख शासन सचिव, शासन सचिव और जिला कलक्टर्स वीसी के जरिये जुड़े। अतिरिक्त मुख्य सचिव (मुख्यमंत्री) अखिल अरोड़ा सहित मुख्यमंत्री कार्यालय के वरिष्ठ अधिकारी भी बैठक में मौजूद रहे।