ब्यावर नगर परिषद में पुष्पा बल्दुआ और दीक्षांत हरचंदानी ने संभाला पदभार, भाजपा का लगातार तीसरी बार बोर्ड गठित
ब्यावर नगर परिषद की नव निर्वाचित सभापति पुष्पा बल्दुआ और उप सभापति दीक्षांत हरचंदानी ने अभिजीत मुहूर्त में पदभार ग्रहण किया। वैदिक मंत्रोच्चार के बीच सभापति कक्ष का फीता काटा गया।
तस्वीर में ब्यावर नगर परिषद में नव निर्वाचित सभापति पुष्पा बल्दुआ और उप सभापति दीक्षांत हरचंदानी कार्यालय में अन्य पार्षदों और समर्थकों के साथ नजर आ रहे हैं।
ब्यावर में गुरुवार को अभिजीत मुहूर्त में नगर परिषद की नव निर्वाचित सभापति पुष्पा बल्दुआ और उप सभापति दीक्षांत हरचंदानी ने पदभार ग्रहण किया। सभापति बल्दुआ ने परिषद भवन की सीढ़ियों पर शीश नवाया और परिषद परिसर स्थित हनुमान मंदिर में दर्शन किए।
परिषद आयुक्त कीर्ति कुमावत ने सभापति पुष्पा बल्दुआ का फूलमाला पहनाकर और शॉल ओढ़ाकर सत्कार किया। पं. घनश्याम शास्त्री के सान्निध्य में वैदिक मंत्रोच्चार के बीच सभापति बल्दुआ ने सभापति कक्ष का फीता काटा। इसके बाद दोपहर पौने एक बजे उन्होंने औपचारिक रूप से पदभार ग्रहण किया।
इस अवसर पर विधायक शंकर सिंह रावत, निवर्तमान सभापति नरेश कन्नौजिया, भाजपा जिलाध्यक्ष आशीष सांङ, पूर्व सभापति शशिबाला सोलंकी, निवर्तमान उप सभापति रिखब चंद खटोङ, भाजपा व्यापार प्रकोष्ठ के प्रदेश सह संयोजक जयकिशन बल्दुआ, कनिष्ठ अभियंता कपिल गौरा, नव निर्वाचित भाजपा एवं निर्दलीय पार्षद तथा परिषद कार्मिक मौजूद रहे।
विधायक शंकर सिंह रावत के कुशल नेतृत्व में लगातार तीसरी बार नगर परिषद में भाजपा का बोर्ड गठित हुआ है। पदभार ग्रहण समारोह का मंच संचालन ईश्वर शरण तंवर ने किया। इस मौके पर आतिशबाजी भी की गई।
नगर परिषद में गत वर्ष 10 दिसंबर से जिला कलक्टर कमलराम मीना प्रशासक के रूप में नियुक्त थे। नव निर्वाचित सभापति पुष्पा बल्दुआ और उप सभापति दीक्षांत हरचंदानी के पदभार ग्रहण के साथ नगर परिषद का नया बोर्ड कार्यभार में आ गया।