बीकानेर/जयपुर, 24 सितंबर। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का गत 25 वर्षों से एक-एक क्षण सेवा के लिए समर्पित रहा है। सेवा के इस संदेश को जन-जन तक पहुंचाने के लिए वडनगर से वाराणसी तक सेवा संकल्प यात्रा का आयोजन किया जा रहा है। यह सेवा संकल्प अभियान 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक चलेगा।

मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने गुरुवार को बीकानेर में सेवा संवाद कार्यक्रम-सेवा संकल्प यात्रा अभियान को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने सामाजिक सरोकार से जुड़े कार्यों को तेजी से आगे बढ़ाया है। बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ अभियान, स्वच्छ भारत अभियान और एक पेड़ मां के नाम जैसे अभियानों ने समाज और देश को नई दिशा दी है। राजस्थान भी एक पेड़ मां के नाम अभियान से प्रेरित होकर हरियालो राजस्थान अभियान चला रहा है। इसके तहत 5 वर्षों में 50 करोड़ पौधे लगाने का संकल्प लिया गया है, जिसमें से अब तक 28 करोड़ पौधे लगाए जा चुके हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में भारत का दुनियाभर में गौरव बढ़ा है। उन्होंने कहा कि 2014 से पहले देश आतंकवाद, नक्सलवाद, भ्रष्टाचार और तुष्टीकरण से प्रभावित था। लाखों-करोड़ों रुपये का भ्रष्टाचार होता था और सीमाएं असुरक्षित थीं। प्रधानमंत्री के नेतृत्व में देश की कमान संभाले जाने के बाद स्थितियां पूरी तरह बदल गईं। देश में बुनियादी ढांचे से लेकर गरीब कल्याण की योजनाओं तक में बड़ा बदलाव आया है। उन्होंने कहा कि 2014 में भारत की अर्थव्यवस्था 11वें स्थान पर थी, लेकिन आज देश विश्व की अग्रणी अर्थव्यवस्था बन गया है। आज दुनियाभर के छोटे से लेकर बड़े देशों की नजर भारत पर है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में राष्ट्र प्रथम की भावना से काम हो रहा है। देश की दशकों से अटकी 10 अंतर-राज्यीय परियोजनाओं का समाधान किया गया है। इनमें राजस्थान की पानी की आवश्यकता की पूर्ति के लिए चार परियोजनाएं रामजल सेतु, यमुना जल समझौता, नर्मदा समझौता और किशाऊ बहुद्देश्यीय बांध परियोजना शामिल हैं। इनमें 1 लाख करोड़ रुपये लागत की रामजल सेतु लिंक परियोजना में लगभग 41 हजार करोड़ रुपये के कार्य किए जा रहे हैं। वहीं, 35 हजार करोड़ रुपये की यमुना जल परियोजना को धरातल पर तेजी से उतारा जा रहा है।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में चार जातियों युवा, महिला, किसान और मजदूर का सशक्तिकरण किया जा रहा है। उनके मार्गदर्शन में राजस्थान में विकास के नए आयाम स्थापित हो रहे हैं। राजस्थान ऊर्जा क्षेत्र में आत्मनिर्भर बन रहा है और आज प्रदेश अन्य राज्यों को बिजली दे रहा है। वहीं, राज्य सरकार किसानों का कल्याण, महिलाओं को आजीविका तथा युवाओं को रोजगार सुनिश्चित कर रही है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि जरूरतमंद लोगों को प्रधानमंत्री आवास उपलब्ध कराए जा रहे हैं। विमुक्त, घुमंतू तथा अर्द्ध घुमंतू परिवारों को पट्टे देकर उन्हें स्थायी रूप से बसाने का काम किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि निस्वार्थ सेवा, अनुशासन, करुणा और सामाजिक जिम्मेदारी लोगों को जनमानस से जोड़ती हैं। हम सभी को जनता के प्रति संवेदनशील होना चाहिए।

इससे पहले मुख्यमंत्री ने बीकानेर के वेटरनरी कॉलेज में सेवा संकल्प कार्यक्रम के तहत आयोजित बाइक रैली के राइडर्स के साथ प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के हुए संवाद को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से देखा। मुख्यमंत्री ने बाइक राइडर्स से संवाद कर उनके अनुभव जाने। इस दौरान उन्होंने कलश यात्रा और वडनगर से वाराणसी जा रही बाइक रैली को रवाना किया। उन्होंने पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।

कार्यक्रम में खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति मंत्री सुमित गोदारा, विधायकगण सहित जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में आमजन उपस्थित रहे।

Tags: