प्रतापगढ़ जिला पुलिस की ओर से अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन त्रिनेत्र’ के तहत कोटड़ी पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 216 किलो 760 ग्राम अवैध अफीम डोडाचूरा जब्त किया। पुलिस ने तस्करी में प्रयुक्त मारुति सुजुकी डिजायर कार और एस्कॉर्ट कर रही यामाहा एमटी मोटरसाइकिल भी जब्त की है। मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया है। जब्त डोडाचूरा की अनुमानित कीमत करीब 32 लाख 45 हजार रुपये बताई गई है।

प्रतापगढ़ जिला पुलिस अधीक्षक विशाल जांगिड़ के निर्देशन में की गई इस कार्रवाई के दौरान अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक प्रतापगढ़ जयदेव सियाग एवं पुलिस उप अधीक्षक वृत्त अरनोद चन्द्रशेखर पालीवाल के मार्गदर्शन में थानाधिकारी कोटड़ी ठाकराराम के नेतृत्व में पुलिस टीम सोमवार को सरहद शौली फंटा पर नाकाबंदी कर रही थी।

इसी दौरान शौली की तरफ से एक यामाहा एमटी मोटरसाइकिल आती दिखाई दी। पुलिस टीम को देखकर मोटरसाइकिल चालक वाहन मौके पर छोड़कर खेतों की ओर भाग गया। पुलिस ने उसका पीछा किया, लेकिन वह मक्का की फसल और झाड़ियों की आड़ लेकर फरार हो गया।

इसी दौरान मोटरसाइकिल के पीछे आ रही मारुति सुजुकी डिजायर कार के चालक ने भी पुलिस नाकाबंदी देखकर कार को वापस मोड़कर भागने का प्रयास किया। पुलिस टीम ने घेराबंदी कर कार को रुकवाया और चालक को पकड़कर पूछताछ की। चालक ने अपना नाम मुकेश पुत्र बसंतीलाल कलाल, उम्र 35 वर्ष, निवासी खरखड़ा, थाना अरनोद, जिला प्रतापगढ़ बताया।

कार की तलाशी लेने पर उसमें रखे छह प्लास्टिक के कट्टों से कुल 216 किलो 760 ग्राम अवैध अफीम डोडाचूरा बरामद हुआ। पुलिस ने डोडाचूरा जब्त करने के साथ ही उसके परिवहन में प्रयुक्त कार और एस्कॉर्ट में प्रयुक्त मोटरसाइकिल को भी जब्त कर लिया।

पुलिस ने आरोपी मुकेश को गिरफ्तार कर उसके विरुद्ध एनडीपीएस एक्ट के तहत थाना कोटड़ी में प्रकरण दर्ज किया है। मामले में अनुसंधान शुरू कर दिया गया है, जबकि फरार मोटरसाइकिल चालक की तलाश जारी है।

कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम में थानाधिकारी ठाकराराम, हेड कांस्टेबल दिनोदास, बहादुरसिंह, हरीश कुमार, सुनील कुमार तथा कांस्टेबल राकेश, कालुसिंह और चालक कांस्टेबल राजेन्द्र कुमार शामिल रहे। कार्रवाई में 216 किलो 760 ग्राम अवैध डोडाचूरा की जब्ती के साथ तस्करी में प्रयुक्त दोनों वाहनों को भी पुलिस ने अपने कब्जे में लिया है।

Tags: