मानसून में जयपुर की सफाई व्यवस्था को लेकर नगर निगम का बड़ा अभियान, 4,455 सफाईकर्मी उतरेंगे मैदान में
जयपुर में 25 अगस्त से विशेष सफाई अभियान शुरू होगा। छह चरणों में 4,455 सफाईकर्मी GVP, C&D Waste और गंदगी वाले स्थान साफ करेंगे।
जयपुर में मानसून के दौरान स्वच्छता व्यवस्था को मजबूत करने और मौसमी बीमारियों की रोकथाम के लिए नगर निगम जयपुर 25 अगस्त से 7 सितम्बर 2026 तक विशेष सघन स्वच्छता अभियान चलाएगा। ‘स्वच्छ जयपुर-स्वस्थ जयपुर’ की थीम पर होने वाले इस अभियान में छह चरणों के दौरान कुल 4,455 सफाईकर्मी मैदान में उतरेंगे। अभियान में GVP (Garbage Vulnerable Points), गंदगी वाले स्थानों और C&D Waste की सफाई के साथ फॉगिंग तथा कीटनाशक दवाओं के छिड़काव पर विशेष जोर रहेगा।
आयुक्त नगर निगम जयपुर श्री ओम कसेरा के निर्देशानुसार अभियान के दौरान शहर के विभिन्न जोनों में चरणबद्ध तरीके से विशेष सफाई व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी। संबंधित जोन के अलावा अन्य जोनों से भी अतिरिक्त सफाई कार्मिक तैनात किए जाएंगे।
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार 25 अगस्त को सांगानेर एवं मानसरोवर जोन, 27 अगस्त को जगतपुरा, झालाना एवं मालवीय नगर जोन, 1 सितम्बर को विद्याधर नगर एवं मुरलीपुरा जोन, 3 सितम्बर को झोटवाड़ा एवं वैशाली नगर जोन, 5 सितम्बर को सिविल लाइन जोन तथा 7 सितम्बर को आदर्श नगर जोन में विशेष सघन सफाई अभियान चलाया जाएगा। प्रत्येक निर्धारित दिवस पर अभियान सुबह 7:00 बजे से दोपहर 3:00 बजे तक संचालित होगा।
अभियान से पहले संबंधित जोन एवं वार्डों में विशेष निरीक्षण कर GVP और अन्य गंदगी वाले स्थानों को चिन्हित किया जाएगा। अभियान के दिन इन स्थानों से कचरा और मलबा हटाने के साथ सड़क किनारे तथा सार्वजनिक स्थलों की गहन सफाई कराई जाएगी। चिन्हित स्थानों से कचरा हटाने के अलावा डिवाइडर, मेडियन सहित रोड के अतिरिक्त क्षेत्र में भी सफाई करवाई जाएगी। सफाई के बाद आवश्यकता के अनुसार एंटी-लार्वा एवं कीटनाशक दवाओं का छिड़काव भी कराया जाएगा।
अभियान के दौरान संबंधित वार्डों में मौजूद C&D Waste (Construction and Demolition Waste) हटाने पर भी विशेष ध्यान दिया जाएगा। इसके लिए C&D संबंधित संवेदकों को अभियान दिवस पर समयबद्ध तरीके से कार्य करने के लिए पाबंद किया जाएगा, ताकि निर्माण एवं विध्वंस से निकले मलबे के कारण सार्वजनिक स्थानों पर गंदगी और यातायात संबंधी परेशानी उत्पन्न न हो।
मानसून के दौरान मौसमी बीमारियों की रोकथाम को ध्यान में रखते हुए जरूरत के अनुसार फॉगिंग और कीटनाशक दवा का छिड़काव कराया जाएगा। संबंधित मुख्य स्वास्थ्य निरीक्षक एवं स्वास्थ्य निरीक्षकों को अभियान के दौरान प्रभावी निगरानी और पर्यवेक्षण के निर्देश दिए गए हैं।
अभियान के प्रत्येक दिवस संबंधित जोन के अधिकारी एवं कर्मचारी वार्डवार सतत निगरानी, पर्यवेक्षण और प्रभावी मॉनिटरिंग सुनिश्चित करेंगे। अभियान से पहले और बाद की सफाई की फोटोग्राफी एवं वीडियोग्राफी भी कराई जाएगी तथा इसकी रिपोर्ट प्रस्तुत की जाएगी।
अभियान दिवस पर संबंधित जोन के प्रत्येक वार्ड में स्थानीय वार्ड के सफाईकर्मियों के साथ अन्य जोनों से नियोजित सफाई कार्मिकों को भी शामिल कर गहन सफाई कराई जाएगी। संबंधित स्वास्थ्य निरीक्षक अभियान स्थल पर मौजूद रहकर सफाई कार्य का पर्यवेक्षण सुनिश्चित करेंगे। इस तरह 25 अगस्त से शुरू होने वाला छह चरणों का अभियान मानसून के दौरान जयपुर की सफाई व्यवस्था और मौसमी बीमारियों की रोकथाम के लिए नगर निगम की विशेष कार्ययोजना के तहत संचालित होगा।