तस्वीर में पीपलिया बाजार स्थित रेमंड आउटलेट के सामने व्यावसायिक भवन के बाहर बचाव कार्य के दौरान खड़ी दमकल गाड़ियां और मौके पर एकत्रित लोगों की भीड़ दिखाई दे रही है।

शनिवार सुबह करीब साढ़े 10 बजे पीपलिया बाजार स्थित रेमंड आउटलेट के बगल में प्रदीप, निकुंज, टीकमचंद चौपड़ा के व्यावसायिक भवन के नवीनीकरण एवं मरम्मत कार्य के दौरान छत और दीवार का एक हिस्सा अचानक ढह गया। मलबे में कटारिया कॉलोनी निवासी श्रमिक चांदमल गहलोत दब गया, जिससे वह घायल हो गया।

हादसे से घबराए भवन मालिक ने शहर पुलिस थाना, स्थानीय राजकीय अस्पताल और अग्निशमन केंद्र को सूचना देना मुनासिब नहीं समझा। घटना के जगजाहिर होते ही मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई।

हादसे की सूचना मिलने पर सिटी पुलिस थाने के सहायक उप निरीक्षक मेघाराम चौधरी मय जाप्ता तथा अग्निशमन केंद्र प्रभारी ताराचंद भट्ट दो दमकलों के साथ मय दल तत्काल मौके पर पहुंचे और बचाव कार्य शुरू किया। गंभीर घायल श्रमिक चांदमल गहलोत को ई-रिक्शा से उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया।

घायल श्रमिक गहलोत राजमिस्त्री लालचंद दगदी के साथ कार्य कर रहा था। हादसे के बाद कुछ देर तक घटनास्थल पर अफरा-तफरी का माहौल बना रहा। व्यावसायिक भवन में मरम्मत कार्य के दौरान हुए इस हादसे में श्रमिक के मलबे में दबने और बाद में पुलिस तथा अग्निशमन दल के मौके पर पहुंचकर बचाव कार्य शुरू करने से घटना की गंभीरता सामने आई।

Tags: