कोटा ग्रामीण में अवैध मादक पदार्थों और शराब की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन रूट क्लीयरेंस’ के तहत पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने वर्ष 2026 में अब तक 474 कार्रवाइयों में 5,590 किलोग्राम अवैध मादक पदार्थ, 18,304 लीटर अवैध अंग्रेजी व देशी शराब, 49.43 किलोग्राम अवैध चांदी और 2 करोड़ 24 लाख रुपये नकद बरामद किए हैं। इस दौरान तस्करी में प्रयुक्त 97 वाहन जब्त किए गए हैं और 215 तस्करों एवं आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है।

जयपुर, 22 अगस्त। पुलिस अधीक्षक सुजीत शंकर के नेतृत्व में चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत राष्ट्रीय राजमार्गों, एट-लेन एक्सप्रेसवे और जिले से गुजरने वाले अन्य प्रमुख मार्गों पर निगरानी और सघन चेकिंग की जा रही है। पुलिस का उद्देश्य तस्करी के नेटवर्क पर शिकंजा कसना और इन मार्गों से अवैध मादक पदार्थों तथा शराब के परिवहन को रोकना है।

पुलिस के अनुसार, अभियान के तहत बरामद की गई अवैध सामग्री की अनुमानित कीमत 15 करोड़ रुपये से अधिक है। कार्रवाई के बाद तस्करी में प्रयुक्त वाहनों के संबंध में नियमानुसार कार्रवाई की जा रही है। साथ ही तस्करी से जुड़े नेटवर्क के अन्य सदस्यों की भूमिका की भी जांच जारी है।

कोटा ग्रामीण जिले से होकर गुजरने वाले प्रमुख राष्ट्रीय राजमार्गों और एट-लेन एक्सप्रेसवे को तस्करों द्वारा मादक पदार्थ एवं अवैध शराब के परिवहन के लिए इस्तेमाल किए जाने की आशंका को देखते हुए पुलिस ने इन मार्गों पर विशेष निगरानी व्यवस्था की है। संदिग्ध वाहनों की चेकिंग, नाकाबंदी और नियमित गश्त के माध्यम से तस्करी के प्रयासों को विफल किया जा रहा है।

अभियान के तहत पुलिस तस्करी के रूट और उससे जुड़े नेटवर्क को चिन्हित कर कार्रवाई को आगे बढ़ा रही है। लगातार हो रही कार्रवाई के जरिए मादक पदार्थ एवं अवैध शराब की तस्करी से संचालित करोड़ों रुपये के अवैध कारोबार पर आर्थिक प्रहार किया गया है। बड़ी मात्रा में मादक पदार्थ और शराब की बरामदगी के साथ नकदी तथा तस्करी में प्रयुक्त वाहनों की जब्ती से तस्करी नेटवर्क को आर्थिक नुकसान पहुंचाया गया है।

पुलिस अधीक्षक सुजीत शंकर ने अवैध मादक पदार्थ और शराब की तस्करी के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति के तहत अधिकारियों को प्रभावी कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। अभियान के तहत प्रमुख मार्गों पर निगरानी बढ़ाने के साथ तस्करों के नेटवर्क को चिन्हित करने का काम लगातार जारी है।

Tags: