जवाहर कला केंद्र में सजा फोटोग्राफी का महाकुंभ, तस्वीरों-पेंटिंग्स में दिखी कला की विविधता
जयपुर के जवाहर कला केंद्र में ‘नजर’ फोटो एवं पेंटिंग एग्जीबिशन का शुभारंभ, वन्यजीवन और संस्कृति की तस्वीरों ने खींचा ध्यान।
तस्वीर में मुख्य अतिथि डीजीपी राजीव कुमार शर्मा और अन्य गणमान्य अतिथि जवाहर कला केंद्र में आयोजित 'नजर' फोटो एवं पेंटिंग प्रदर्शनी का फीता काटकर शुभारंभ करते हुए नजर आ रहे हैं.
विश्व फोटोग्राफी दिवस के अवसर पर राजस्थान फोटो फेस्टिवल के तहत जवाहर कला केंद्र की सहभागिता में आयोजित ‘नजर फोटो एवं पेंटिंग एग्जीबिशन’ के पांचवें सीजन का शुक्रवार को शुभारंभ हुआ। 21 से 23 अगस्त तक चलने वाली तीन दिवसीय प्रदर्शनी में देश-विदेश के विभिन्न स्थानों के साथ राजस्थान की संस्कृति, प्रकृति, वन्यजीवन और जनजीवन से जुड़ी चुनिंदा तस्वीरों के साथ पेंटिंग्स प्रदर्शित की गई हैं।
प्रदर्शनी का शुभारंभ मुख्य अतिथि महानिदेशक पुलिस राजीव कुमार शर्मा ने फीता खोलकर एवं दीप प्रज्वलित कर किया। उन्होंने प्रदर्शनी में प्रदर्शित तस्वीरों और पेंटिंग्स का अवलोकन किया तथा फोटोग्राफर्स और कलाकारों के कलाकौशल एवं रचनात्मक दृष्टिकोण की सराहना की।
डीजीपी राजीव कुमार शर्मा ने कहा कि फोटोग्राफी केवल तस्वीर खींचने की कला नहीं, बल्कि किसी क्षण, भाव और कहानी को सहेजने का माध्यम है। ऐसी प्रदर्शनियां कलाकारों की रचनात्मकता को सामने लाने के साथ समाज को अलग-अलग दृष्टिकोणों से देखने का अवसर देती हैं। ‘नजर’ प्रदर्शनी में फोटोग्राफी और पेंटिंग का सुंदर संगम देखने को मिल रहा है। उन्होंने विशेष रूप से प्रकृति और वन्यजीवन से जुड़ी तस्वीरों की सराहना करते हुए कहा कि ऐसी तस्वीरें लोगों को पर्यावरण और प्रकृति के प्रति संवेदनशील बनाने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं।
इस मौके पर रिटायर्ड आईएएस पवन अरोड़ा ने कहा कि ‘नजर’ जैसी प्रदर्शनियां कला और फोटोग्राफी से जुड़े लोगों को अपनी रचनात्मकता साझा करने का बेहतरीन मंच देती हैं। तस्वीरों में केवल दृश्य नहीं, बल्कि फोटोग्राफर की सोच, संवेदना और उस क्षण को देखने का नजरिया भी दिखाई देता है। फोटोग्राफी के साथ पेंटिंग को शामिल करना प्रदर्शनी को और खास बनाता है।
आयोजक रेणुका कुमावत, संजय कुमावत, अदिति अग्रवाल और डॉली अग्रवाल आदि ने अतिथियों का स्वागत किया तथा प्रदर्शनी में प्रदर्शित तस्वीरों और पेंटिंग्स की विषयवस्तु की जानकारी दी।
प्रदर्शनी में आईएएस डॉ. जितेंद्र सोनी, आईएफएस अरिजीत बनर्जी, पुलिस मुख्यालय के अतिरिक्त निदेशक (प्रचार) एवं वाइल्डलाइफ फोटोग्राफर डॉ. कमलेश शर्मा की वाइल्डलाइफ सहित विभिन्न विषयों पर आधारित तस्वीरें भी प्रदर्शित की गई हैं। इनके अलावा जयपुर एवं राजस्थान के जाने-माने फोटो जर्नलिस्ट, वाइल्डलाइफ फोटोग्राफर, प्रशासनिक अधिकारी, चिकित्सक, विद्यार्थी तथा पेंटिंग आर्टिस्ट भी अपनी रचनात्मक प्रस्तुतियों के साथ शामिल हुए हैं।
इस अवसर पर आईएफएस अरिजीत बनर्जी सहित बड़ी संख्या में कलाप्रेमी एवं फोटोग्राफी प्रेमी मौजूद रहे। अतिथियों ने प्रदर्शनी में शामिल तस्वीरों और पेंटिंग्स की सराहना करते हुए कलाकारों के प्रयासों की प्रशंसा की।
प्रदर्शनी को देखने के लिए विशिष्ट-अतिविशिष्ट जनों के साथ शहरवासियों व कलाप्रेमियों का दिनभर तांता लगा रहा। इस दौरान आईएएस शुचि त्यागी, पवन गोयल, अर्चना सुराणा, डॉ. विवेक शर्मा, जे डी माहेश्वरी, दीपेंद्र राणा, सुधीर माथुर, अनूप श्रीवास्तव, आनंद पोद्दार, नरेंद्र रावत और अनुपमा सोनी आदि विशिष्ट जनों ने भी प्रदर्शनी देखी और सराहना की।
आयोजक रेणुका कुमावत ने बताया कि प्रदर्शनी का उद्देश्य फोटोग्राफर्स, फोटो जर्नलिस्ट और पेंटिंग आर्टिस्ट को एक साझा मंच उपलब्ध कराना तथा आमजन को कला और फोटोग्राफी की विविध विधाओं से रूबरू कराना है। प्रदर्शनी में प्रवेश निःशुल्क है। तीनों दिन दर्शकों के लिए विभिन्न गतिविधियों के साथ इनाम जीतने के अवसर भी उपलब्ध रहेंगे। फोटोग्राफी और चित्रकला के इस साझा मंच ने कलाकारों की रचनात्मकता के साथ दर्शकों को कला और प्रकृति के विविध रूपों से रूबरू कराने का अवसर उपलब्ध कराया है।