तस्वीर में रेलवे स्टेशन पर टिकट जांच करते रेलवे कर्मचारी दिखाई दे रहे हैं।

उत्तर पश्चिम रेलवे ने रेल नियमों के उल्लंघन पर सख्ती दिखाते हुए शुक्रवार, 7 अगस्त 2026 को 14 घंटे का व्यापक मेगा टिकट-चेकिंग अभियान चलाया। अभियान के दौरान बिना टिकट यात्रा के 1,361 मामलों समेत कुल 1,413 दोषियों को पकड़ा गया और उनसे कुल 9 लाख 17 हजार रुपए का जुर्माना वसूला गया।

उत्तर पश्चिम रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी श्री अमित सुदर्शन के अनुसार, शुक्रवार को चलाए गए इस मेगा टिकट-चेकिंग अभियान के तहत उत्तर पश्चिम रेलवे के विभिन्न मंडलों के प्रमुख रेलखंडों पर पर्याप्त संख्या में चेकिंग और रेलवे सुरक्षा बल के स्टाफ की तैनाती की गई। अजमेर मंडल के अजमेर-आबू रोड, बीकानेर मंडल के बीकानेर-हनुमानगढ़, जयपुर मंडल के जयपुर-रेवाड़ी तथा जोधपुर मंडल के पाली मारवाड़-लूणी-समदड़ी और फुलेरा-मेड़ता रोड रेलखंडों पर स्टेशनों, प्लेटफॉर्मों और ट्रेनों में समन्वित रूप से टिकट चेकिंग की गई।

अभियान के दौरान नियमों का उल्लंघन करने वाले यात्रियों के खिलाफ कार्रवाई की गई। कुल 1,413 दोषियों से 9.17 लाख रुपए का जुर्माना वसूला गया। इनमें बिना टिकट यात्रा के 1,361 मामलों से 8,70,800 रुपए, अनियमित यात्रा के 39 मामलों से 27,020 रुपए, अनधिकृत सामान बेचने यानी अवैध वेंडिंग के 09 मामलों से 12,105 रुपए, धूम्रपान के 03 मामलों से 6,000 रुपए तथा गंदगी फैलाने के 01 मामले से 1,000 रुपए का जुर्माना वसूला गया।

इस मेगा अभियान के दौरान मुख्य रूप से बिना वैध टिकट और अमान्य यात्रा-प्राधिकार यानी गलत टिकट के साथ यात्रा करने वाले यात्रियों पर ध्यान केंद्रित किया गया। इसके साथ ही चेकिंग टीमों ने स्टेशनों और ट्रेनों में धूम्रपान, गंदगी फैलाने तथा अनधिकृत वेंडिंग पर भी निगरानी रखी और दोषियों से मौके पर ही जुर्माना वसूला।

उत्तर पश्चिम रेलवे की ओर से ऐसे अभियान नियमित रूप से जारी रखने की बात कही गई है, ताकि बिना टिकट यात्रा करने वाले यात्रियों पर अंकुश लगाया जा सके और अधिकृत रेल यात्रियों को होने वाली असुविधा से बचाया जा सके। रेलवे का उद्देश्य यात्रियों की यात्रा को सुगम बनाए रखना और रेल नियमों का प्रभावी पालन सुनिश्चित करना है।

रेल यात्रियों से रेल नियमों का पालन करने, हमेशा उचित टिकट लेकर यात्रा करने तथा निर्धारित श्रेणी में ही सफर करने का निवेदन किया गया है।

Tags: