120 फीट गहरे कुएं में गिरा व्यक्ति, सिविल डिफेंस टीम ने आधे घंटे में किया सफल रेस्क्यू
जयपुर के कानोता क्षेत्र में 120 फीट गहरे कुएं में गिरे व्यक्ति का सिविल डिफेंस टीम ने आधे घंटे की मशक्कत के बाद सुरक्षित रेस्क्यू किया।
तस्वीर में कानोता के एक कुएं के पास सिविल डिफेंस की टीम और स्थानीय लोग मिलकर रस्सी के सहारे रेस्क्यू ऑपरेशन चलाते हुए नजर आ रहे हैं।
कानोता थाना क्षेत्र में शनिवार दोपहर एक व्यक्ति करीब 120 फीट गहरे कुएं में गिर गया। व्यक्ति के जीवित होने की सूचना मिलते ही उसे बचाने के लिए तत्काल रेस्क्यू अभियान शुरू किया गया। सिविल डिफेंस टीम की तत्परता और त्वरित कार्रवाई से व्यक्ति को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।
कंट्रोल रूम कलेक्ट्रेट से शनिवार दोपहर 3:35 बजे सूचना प्राप्त हुई कि रघुनाथपुरा/खातिया की ढाणी, थाना कानोता क्षेत्र में एक व्यक्ति करीब 120 फीट गहरे कुएं में गिर गया है। सूचना के अनुसार व्यक्ति जीवित था और उसे तत्काल रेस्क्यू की आवश्यकता थी।
सूचना मिलते ही उप नियंत्रक अमित शर्मा के नेतृत्व में सिविल डिफेंस की रेस्क्यू टीम तत्काल घटनास्थल के लिए रवाना हुई। मौके पर पहुंचने के बाद टीम ने बिना समय गंवाए रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया।
उप नियंत्रक अमित शर्मा ने बताया कि सिविल डिफेंस टीम ने करीब आधे घंटे तक कड़ी मशक्कत करते हुए सुरक्षित तरीके से कुएं में गिरे व्यक्ति तक पहुंच बनाई। इसके बाद उसे जीवित और सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।
रेस्क्यू के बाद व्यक्ति को तत्काल एंबुलेंस की सहायता से उपचार के लिए अस्पताल भिजवाया गया। सिविल डिफेंस टीम की तत्परता, साहस और त्वरित कार्रवाई के चलते 120 फीट गहरे कुएं में गिरे व्यक्ति को समय रहते सुरक्षित बाहर निकालकर उसकी जान बचाने में सफलता मिली।