जोधपुर-चेन्नई स्पेशल ट्रेन से यात्रियों को राहत, त्योहारों पर एक-एक ट्रिप का संचालन
आगामी त्यौहारों पर यात्रियों की सुविधा के लिए जोधपुर-चैन्नई और एमजी आर चैन्नई सेट्रल-जोधपुर स्पेशल ट्रेन चलेगी। जानिए तारीख, समय, ठहराव वाले स्टेशन और 19 डिब्बों की पूरी जानकारी।
तस्वीर में पटरियों पर खड़ी एक एक्सप्रेस ट्रेन नजर आ रही है।
आगामी त्यौहारों के दौरान यात्रियों की सुविधा के लिए रेलवे ने जोधपुर-चैन्नई बीच एवं एमजी आर चैन्नई सेट्रल-जोधपुर स्पेशल रेलसेवा के संचालन का निर्णय लिया है। दोनों रेलसेवाओं का एक-एक ट्रिप संचालित किया जाएगा।
उत्तर पश्चिम रेलवे के मुख्य जन सम्पर्क अधिकारी श्री अमित सुदर्शन के अनुसार गाड़ी संख्या 04815, जोधपुर-चैन्नई बीच स्पेशल रेलसेवा 29.08.26 को एक ट्रिप के लिए जोधपुर से शनिवार को 21.20 बजे रवाना होगी। यह रेलसेवा रविवार को जयपुर स्टेशन पर 01.55 बजे पहुंचेगी और 02.05 बजे रवाना होकर सोमवार को 20.00 बजे चैन्नई बीच पहुंचेगी।
इसी प्रकार गाड़ी संख्या 04816, एमजी आर चैन्नई सेट्रल-जोधपुर स्पेशल रेलसेवा 01.09.26 को एक ट्रिप के लिए एमजी आर चैन्नई सेट्रल से मंगलवार को 17.15 बजे रवाना होगी। यह रेलसेवा गुरुवार को जयपुर स्टेशन पर 14.50 बजे पहुंचेगी और 15.00 बजे रवाना होकर 20.30 बजे जोधपुर पहुंचेगी।
रेलवे के अनुसार यह रेलसेवा मार्ग में मेडता रोड, डेगाना, मकराना, कुचामन सिटी, फुलेरा, जयपुर, दुर्गापुरा, सवाईमाधोपुर, सोगरिया, बारां, छबड़ा गुगोर, रूठियाई, गुना, बीना, भोपाल, ईटारसी, नागपुर, बल्हारशाह, सिरपुर कागजनगर, मंचिर्याल, वरंगल, खम्मम, विजयवाडा, बापटला, चीराला, औंगोल, नेल्लोर, गुडूर एवं नायडपेटा स्टेशनों पर ठहराव करेगी।
इस स्पेशल रेलसेवा में 02 सैकण्ड एसी, 15 थर्ड एसी व 02 गार्ड डिब्बों सहित कुल 19 डिब्बे होंगे। आगामी त्यौहारों के दौरान लंबी दूरी की यात्रा करने वाले यात्रियों के लिए दोनों स्पेशल रेलसेवाओं का एक-एक ट्रिप निर्धारित किया गया है।