महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ के पत्रकारिता विद्यार्थियों ने किया PIB जयपुर का शैक्षिक भ्रमण
वाराणसी के पत्रकारिता विद्यार्थियों ने PIB जयपुर का भ्रमण कर सरकारी संचार, मीडिया कार्यप्रणाली और केंद्र सरकार की योजनाओं से जुड़ी जानकारी प्राप्त की।
तस्वीर में पत्र सूचना कार्यालय, जयपुर के कार्यालय कक्ष में अधिकारी और आगंतुक विद्यार्थी बातचीत करते हुए दिखाई दे रहे हैं।
महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ, वाराणसी से राजस्थान के शैक्षिक भ्रमण पर आए पत्रकारिता के विद्यार्थियों के दल ने आज पत्र सूचना कार्यालय (PIB), जयपुर का भ्रमण किया। इस दौरान विद्यार्थियों ने पत्र सूचना कार्यालय एवं केंद्रीय संचार ब्यूरो (CBC) की कार्यप्रणाली को समझा और केंद्र सरकार द्वारा संचालित विभिन्न लोक कल्याणकारी योजनाओं के बारे में जानकारी प्राप्त की।
पत्र सूचना कार्यालय, जयपुर के निदेशक श्री अनुभव बैरवा ने विद्यार्थी दल का नेतृत्व कर रहे महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ, वाराणसी के पत्रकारिता एवं जनसंचार के निदेशक डॉ. नागेंद्र कुमार सिंह एवं प्रोफेसर वैष्णवी शुक्ला का स्मृति चिन्ह भेंट कर स्वागत किया।
विद्यार्थियों से संवाद करते हुए श्री अनुभव बैरवा ने पत्र सूचना कार्यालय की कार्यप्रणाली के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बताया कि पत्र सूचना कार्यालय भारत सरकार की नीतियों, कार्यक्रमों और उपलब्धियों से संबंधित सूचनाओं को विभिन्न मीडिया माध्यमों के जरिए जन-जन तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों के लिए किसी सरकारी संचार एजेंसी की कार्यप्रणाली को प्रत्यक्ष रूप से समझना एक महत्वपूर्ण और उपयोगी अनुभव है।
उन्होंने कहा कि बदलते डिजिटल युग में पत्र सूचना कार्यालय की भूमिका और भी व्यापक हुई है। यह सरकार और आमजन के बीच सूचना के प्रभावी सम्प्रेषण में एक महत्वपूर्ण सेतु के रूप में कार्य करता है। उन्होंने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि युवाओं को नई तकनीकों एवं बदलते मीडिया परिदृश्य के साथ पत्रकारिता के मूल सिद्धांतों को भी अपनाना चाहिए।
महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ, वाराणसी के निदेशक डॉ. नागेंद्र कुमार सिंह ने कहा कि राजस्थान के शैक्षिक भ्रमण से विद्यार्थियों को मीडिया संस्थानों की कार्यप्रणाली को प्रत्यक्ष रूप से समझने का अवसर मिला है। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों ने भारत सरकार की नीतियों और योजनाओं से संबंधित जानकारी को जनसाधारण तक पहुंचाने में विभाग की भूमिका के बारे में जाना। उन्होंने कहा कि भविष्य में मीडिया क्षेत्र में कार्य करने वाले विद्यार्थियों के लिए यह अनुभव अत्यंत उपयोगी होगा।
पत्र सूचना कार्यालय, जयपुर के उपनिदेशक श्री धर्मेश भारती ने भी विद्यार्थियों को संबोधित किया और उनका उत्साहवर्धन किया। उन्होंने विद्यार्थियों को मीडिया, सरकारी मीडिया तथा अन्य संस्थानों में रोजगार एवं करियर के अवसरों के बारे में जानकारी दी। उन्होंने बताया कि पत्रकारिता एवं जनसंचार के विद्यार्थी अपने कौशल और रुचि के अनुरूप मीडिया के विभिन्न क्षेत्रों में करियर के अवसर तलाश सकते हैं।
शैक्षिक भ्रमण के दौरान विद्यार्थियों ने पत्र सूचना कार्यालय एवं केंद्रीय संचार ब्यूरो की विभिन्न गतिविधियों और कार्यप्रणाली के बारे में जानकारी प्राप्त की। विद्यार्थियों ने अधिकारियों के साथ संवाद कर उनके कार्य अनुभवों को भी जाना तथा सरकारी संचार और मीडिया के क्षेत्र से जुड़े विभिन्न पहलुओं पर चर्चा की।
कार्यक्रम के दौरान केंद्रीय संचार ब्यूरो के गीत एवं नाटक प्रभाग की ओर से देशभक्ति गीतों की प्रस्तुति भी दी गई। कार्यक्रम में पत्र सूचना कार्यालय एवं केंद्रीय संचार ब्यूरो के अधिकारीगण उपस्थित रहे। इस शैक्षिक भ्रमण के माध्यम से विद्यार्थियों को सरकारी संचार व्यवस्था, मीडिया कार्यप्रणाली और पत्रकारिता के बदलते स्वरूप को प्रत्यक्ष रूप से समझने का अवसर मिला।