जयपुर में रेलवे कर्मचारियों के मेधावी बच्चों का सम्मान
बाल दिवस पर आयोजित प्रतिभा सम्मान समारोह में कक्षा 10वीं, 12वीं और स्नातक के करीब 300 मेधावी विद्यार्थियों को प्रमाण-पत्र व उपहार दिए गए।
जयपुर के अरावली सभागार में रेलवे कर्मचारियों के मेधावी बच्चों को सम्मानित करते अतिथिगण।
बाल दिवस के अवसर पर जयपुर में रेलवे कर्मचारियों के परिवारों के मेधावी विद्यार्थियों की उपलब्धियों को सम्मानित करने के लिए विशेष समारोह आयोजित किया गया। दी जैक्सन को-ऑपरेटिव क्रेडिट सोसाइटी ऑफ द एम्प्लॉयी ऑफ रेलवे लिमिटेड की ओर से 14 नवंबर को गणपति नगर स्थित अरावली सभागार में प्रतिभा सम्मान समारोह आयोजित किया गया। इसमें लगभग 300 विद्यार्थी एवं अभिभावक शामिल हुए।
समारोह के मुख्य अतिथि Sr. DPO श्री सत्येंद्र यादव एवं Sr. DEE श्री नितेश कुमार मीणा रहे। अतिथियों ने कक्षा 10वीं, 12वीं, स्नातक, परास्नातक एवं खेलकूद में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले सोसाइटी के अंशधारक रेल अधिकारियों एवं कर्मचारियों के मेधावी बच्चों को प्रमाण-पत्र एवं उपहार देकर सम्मानित किया।
इस अवसर पर अतिथियों ने विद्यार्थियों को मेहनत, अनुशासन और लगन के साथ जीवन में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने बच्चों की उपलब्धियों को प्रोत्साहित करने के महत्व पर जोर दिया।
सोसाइटी पदाधिकारियों ने कहा कि संस्था अपने सदस्यों के आर्थिक हितों की रक्षा के साथ-साथ उनके परिवारों और बच्चों के उज्ज्वल भविष्य के लिए भी प्रतिबद्ध है। इसी उद्देश्य के तहत प्रतिभावान विद्यार्थियों को सम्मानित करने का आयोजन किया गया।
समारोह में सोसाइटी के उपसभापति श्री सुभाष चंद मीणा, जयपुर के निदेशक श्री सुरेंद्र सिंह बधाला तथा अजमेर के निदेशक श्री प्रवीण एवं श्री महेश उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन निदेशक श्री सुरेंद्र सिंह बधाला ने किया।
इस दौरान जयपुर शाखा प्रबंधक श्री सुनील कुमार सामरिया, प्रबंधक प्रथम श्री विक्रम सिंह भाटी सहित अन्य कर्मचारी भी मौजूद रहे। विद्यार्थियों और अभिभावकों की सहभागिता के बीच सम्मान समारोह उत्साहपूर्ण एवं गरिमामय वातावरण में सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।