प्रतापगढ़ पुलिस की बड़ी कार्रवाई, तस्कर वसीम खान की 1.25 करोड़ की संपत्ति फ्रीज
ऑपरेशन त्रिनेत्र के तहत एनडीपीएस एक्ट की धारा 68एफ(1) में कार्रवाई, देवल्दी स्थित आलीशान मकान, कार और ट्रैक्टर जब्त; 19 मामलों में नामजद है आरोपी।
pratapgarh-police-freezes-wasim-khan-car
राजस्थान और मध्यप्रदेश में हत्या, हत्या के प्रयास, आर्म्स एक्ट और एनडीपीएस एक्ट सहित 19 आपराधिक मामलों में नामजद हिस्ट्रीशीटर वसीम खान के खिलाफ प्रतापगढ़ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। मादक पदार्थों की तस्करी से अर्जित उसकी करीब 1 करोड़ 25 लाख रुपये की चल-अचल संपत्ति को ऑपरेशन त्रिनेत्र के तहत फ्रीज कर दिया गया है। कार्रवाई की जद में गांव देवल्दी स्थित आलीशान मकान, एक केटा कार और जॉन डियर कंपनी का ट्रैक्टर शामिल हैं।
जिला पुलिस अधीक्षक प्रतापगढ़ विशाल जांगिड़ के निर्देशन में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक जयदेव सियाग और पुलिस उप अधीक्षक अरनोद चन्द्रशेखर पालीवाल के मार्गदर्शन में यह कार्रवाई की गई। मादक पदार्थों की तस्करी से अर्जित अवैध संपत्तियों पर अंकुश लगाने के अभियान के तहत थाना अरनोद पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट की धारा 68एफ(1) के अंतर्गत प्रस्ताव तैयार किया था। इसके साथ संबंधित दस्तावेज भारत सरकार की अधिकृत सक्षम प्राधिकारी एवं प्रशासक, सफेमा (एफओपी) एवं एनडीपीएस एक्ट, नई दिल्ली को भेजे गए थे।
सक्षम प्राधिकारी ने 13 नवम्बर 2026 को फ्रीजिंग आदेश को अनुमोदित कर स्थायी कर दिया। इसके बाद 15 नवम्बर को थाना अरनोद पुलिस ने संबंधित संपत्तियों पर फ्रीजिंग के बोर्ड लगाकर उन्हें फ्रीज करने की कार्रवाई पूरी की।
मादक पदार्थ तस्करी के अनुसंधान में सामने आया वसीम का नाम
मामले की शुरुआत 1 अप्रैल 2026 को हुई थी, जब पुलिस थाना भोपालगढ़, जिला जोधपुर ने समंदर पुत्र किशनाराम निवासी हिंगोली के कब्जे से 80.54 ग्राम एमडी और 1.25 ग्राम स्मैक बरामद की थी। इस संबंध में एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/21, 22 एवं 29 के तहत प्रकरण दर्ज कर समंदर को गिरफ्तार किया गया था।
पुलिस अनुसंधान में जब्त मादक पदार्थ वसीम खान पुत्र पुना उर्फ इस्माइल खान (45) निवासी देवल्दी, थाना अरनोद, जिला प्रतापगढ़ द्वारा उपलब्ध करवाना सामने आया। इसके बाद पुलिस ने 12 सितम्बर 2026 को वसीम खान को गिरफ्तार किया। अनुसंधान पूरा होने के बाद उसे न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया। वह वर्तमान में केंद्रीय कारागृह जोधपुर में बंद है।
वित्तीय जांच में सामने आई 1.25 करोड़ रुपये की संपत्ति
वसीम खान द्वारा मादक पदार्थों की खरीद-फरोख्त और तस्करी से अवैध संपत्ति अर्जित करने की गोपनीय सूचना मिलने पर पुलिस ने उसकी चल-अचल संपत्तियों की वित्तीय जांच शुरू की। जांच के दौरान कम समय में अर्जित की गई संपत्तियों को चिन्हित किया गया। इनका अनुमानित बाजार मूल्य करीब 1 करोड़ 25 लाख रुपये आंका गया।
फ्रीज की गई संपत्तियों में गांव देवल्दी की आबादी भूमि पर बना आलीशान मकान, टीनशेड और भूमि शामिल हैं। इनकी अनुमानित बाजार कीमत करीब 1 करोड़ 4 लाख रुपये है। इसके अलावा पंजीयन संख्या MP 09 CY 9495 की केटा कार, जिसकी अनुमानित बाजार कीमत करीब 12 लाख रुपये है, तथा जॉन डियर कंपनी का ट्रैक्टर, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 9 लाख रुपये है, को भी कार्रवाई के दायरे में लिया गया है। इस तरह कुल करीब 1 करोड़ 25 लाख रुपये की संपत्ति एनडीपीएस एक्ट के प्रावधानों के तहत फ्रीज की गई है।
वर्ष 2003 से 2026 तक दर्ज हुए 19 आपराधिक प्रकरण
वसीम खान थाना अरनोद का हिस्ट्रीशीटर है और लंबे समय से मादक पदार्थों की खरीद-फरोख्त तथा तस्करी में लिप्त रहा है। उसके खिलाफ वर्ष 2003 से 2026 तक राजस्थान और मध्यप्रदेश में कुल 19 आपराधिक प्रकरण दर्ज हैं। इनमें हत्या, हत्या के प्रयास, मारपीट, अवैध हथियार रखने तथा ब्राउन शुगर और एमडी की तस्करी से जुड़े मामले शामिल हैं।
राजस्थान में उसके विरुद्ध अरनोद, प्रतापगढ़, सालमगढ़ और भोपालगढ़ (जोधपुर) थानों में मामले दर्ज हैं। वहीं मध्यप्रदेश में मंदसौर कोतवाली, बाणगंगा इंदौर, अपराध शाखा इंदौर और राऊ थाना क्षेत्र में भी उसके खिलाफ आपराधिक प्रकरण दर्ज हैं।
प्रतापगढ़ पुलिस ऑपरेशन त्रिनेत्र के तहत मादक पदार्थों की तस्करी से अर्जित अवैध संपत्तियों की पहचान कर उन्हें फ्रीज करने की कार्रवाई लगातार कर रही है। इस अभियान का उद्देश्य तस्करों के आर्थिक नेटवर्क पर प्रहार करना और अवैध कारोबार से अर्जित संपत्तियों के उपयोग एवं हस्तांतरण पर रोक लगाना है। वसीम खान की 1.25 करोड़ रुपये की संपत्ति फ्रीज करने की कार्रवाई इसी अभियान के तहत की गई है।