जयपुर में पंचायत चुनाव की सुरक्षा पर सख्ती, संवेदनशील केंद्रों और ईवीएम की निगरानी के निर्देश
जयपुर में पंचायती राज आम चुनाव की तैयारियों को लेकर जिला निर्वाचन अधिकारी संदेश नायक ने सुरक्षा, संवेदनशील मतदान केंद्रों, पुलिस बल की तैनाती और ईवीएम परिवहन की समीक्षा की। अधिकारियों को कानून-व्यवस्था और यातायात सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
जयपुर कलेक्ट्रेट सभागार में जिला निर्वाचन अधिकारी संदेश नायक की अध्यक्षता में पंचायती राज चुनाव की तैयारियों और कानून-व्यवस्था की समीक्षा बैठक में उपस्थित पुलिस व प्रशासनिक अधिकारी।
जयपुर में पंचायती राज आम चुनाव की तैयारियों को लेकर जिला निर्वाचन अधिकारी (पंचायत) संदेश नायक की अध्यक्षता में गुरुवार, 15 अक्टूबर को कलेक्ट्रेट सभागार में बैठक आयोजित की गई। बैठक में चुनाव को निष्पक्ष, स्वतंत्र और शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न कराने के लिए कानून-व्यवस्था, संवेदनशील एवं क्रिटिकल मतदान केंद्रों की पहचान, पुलिस बल की तैनाती, ईवीएम की सुरक्षा और यातायात व्यवस्था की समीक्षा की गई।
जिला निर्वाचन अधिकारी संदेश नायक ने कहा कि पंचायती राज चुनावों को पूर्ण निष्पक्षता, स्वतंत्रता एवं शांतिपूर्ण तरीके से सफलतापूर्वक संपन्न करवाना सभी का नैतिक दायित्व है। उन्होंने संबंधित पुलिस अधिकारियों को सेक्टर मजिस्ट्रेट और अन्य चुनाव अधिकारियों के साथ अपने-अपने क्षेत्रों के मतदान क्षेत्रों एवं मतदान केंद्रों का निरीक्षण करने के निर्देश दिए। जिन ग्राम पंचायत क्षेत्रों में फ्लैग मार्च या अतिरिक्त पुलिस बल की आवश्यकता है, उनका विश्लेषण कर आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने को कहा गया।
बैठक में पुलिस आयुक्तालय, जयपुर और जिला पुलिस अधीक्षक, जयपुर ग्रामीण के स्तर पर समग्र पुलिस बल की तैनाती के समन्वय के लिए अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक स्तर के नोडल अधिकारी की नियुक्ति करने के निर्देश दिए गए। पुलिस तैनाती योजना के तहत ईवीएम की सीलिंग के दौरान झोटवाड़ा स्थित वेयरहाउस से भवानी निकेतन, जयपुर तक ईवीएम ले जाने वाले वाहनों के साथ पुलिस बल की नियुक्ति की व्यवस्था की समीक्षा की गई। इसके साथ ही मतदान दलों के रवानगी स्थल, मतदान दलों के साथ सुरक्षा व्यवस्था, संवेदनशील एवं क्रिटिकल मतदान केंद्रों, ईवीएम स्ट्रॉन्ग रूम और ईवीएम संग्रहण स्थलों पर पुलिस बल की तैनाती सुनिश्चित करने को कहा गया।
मतदान समाप्त होने के बाद संबंधित रिटर्निंग अधिकारी (आरओ) स्तर पर संकलित ईवीएम को स्ट्रॉन्ग रूम तक ले जाने वाले वाहनों की सुरक्षा के लिए भी आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए। बैठक में ईवीएम की सीलिंग, परिवहन, संग्रहण और मतदान दलों की आवाजाही के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को लेकर संबंधित अधिकारियों को समन्वय के साथ कार्य करने को कहा गया।
यातायात व्यवस्था की समीक्षा करते हुए जिला निर्वाचन अधिकारी ने भवानी निकेतन, जयपुर स्थित मतदान दल रवानगी स्थल से मतदान दलों की रवानगी के मार्ग पर निर्बाध और सुगम यातायात सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि इन मार्गों पर किसी भी प्रकार का अवरोध नहीं होना चाहिए। ईवीएम संग्रहण और मतदान दलों की वापसी के दौरान भी यातायात संबंधी व्यवस्थाएं अनिवार्य रूप से सुनिश्चित करने को कहा गया।
बैठक में भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता की धारा 163 के तहत जारी आदेशों की पालना रिपोर्ट और चुनाव के दौरान शांति एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए किए जा रहे उपायों की समीक्षा की गई। अधिकारियों ने जिले में शस्त्रों और आर्म्स लाइसेंस की कुल संख्या, 14 अक्टूबर 2026 तक पुलिस थानावार जमा कराए गए शस्त्रों तथा जमा होने से शेष रहे शस्त्रों की स्थिति की समीक्षा की। शस्त्र जमा कराने से छूट प्राप्त लाइसेंसधारकों की संख्या और शस्त्र जमा कराने से छूट के लिए प्राप्त आवेदनों का विवरण प्रस्तुत करने के निर्देश भी दिए गए।
चुनाव के दौरान आपराधिक एवं असामाजिक गतिविधियों पर नियंत्रण के लिए पाबंद किए गए व्यक्तियों की पुलिस थानावार संख्या की समीक्षा की गई। इसके अतिरिक्त चुनाव के दौरान जब्त किए गए अवैध हथियारों और अवैध शराब से संबंधित रिपोर्ट भी देखी गई। जिला निर्वाचन अधिकारी ने चुनाव के दौरान सूखा दिवस संबंधी घोषणाओं की पालना के लिए की गई तैयारियों की रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए। कानून-व्यवस्था की स्थिति का आकलन करने के लिए पुलिस उप अधीक्षक और सहायक पुलिस आयुक्त स्तर पर विश्लेषण रिपोर्ट तैयार करने को भी कहा गया।
पंचायती राज संस्थाओं के चरणबद्ध चुनाव कार्यक्रम के मद्देनजर संवेदनशील एवं क्रिटिकल मतदान केंद्रों का चिह्नीकरण करने और आवश्यक कार्रवाई के लिए रिटर्निंग अधिकारियों तथा पुलिस अधिकारियों के बीच पहले से समन्वय स्थापित करने के निर्देश दिए गए। बैठक में चुनाव की तैयारियों से जुड़े विभिन्न विभागों की जिम्मेदारियों और सुरक्षा संबंधी व्यवस्थाओं की समीक्षा की गई, ताकि मतदान से लेकर ईवीएम के संग्रहण तक सभी प्रक्रियाएं निर्धारित व्यवस्थाओं के अनुरूप संपन्न कराई जा सकें।
बैठक में पुलिस अधीक्षक जयपुर ग्रामीण हनुमान प्रसाद मीणा, डीसीपी ईस्ट रंजीता शर्मा, डीसीपी वेस्ट प्रशांत किरण, उप जिला निर्वाचन अधिकारी मेघराज मीणा, एडीएम साउथ युगांतर शर्मा, जिला आबकारी अधिकारी ग्रामीण अर्चना जैमन, एडीशनल डीसीपी साउथ ललित किशोर शर्मा, अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त यातायात दक्षिण सुनीता मीणा सहित संबंधित विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।