जयपुर में पंचायती राज आम चुनाव के तहत जिला परिषद और प्रथम चरण की आठ पंचायत समितियों के सदस्य पदों के लिए नामांकन पत्रों की संवीक्षा पूरी हो गई है। जांच के बाद जिला परिषद सदस्य पद के लिए 170 अभ्यर्थियों और पंचायत समिति सदस्य पदों के लिए 454 अभ्यर्थियों के नामांकन वैध पाए गए हैं। नामांकन प्रक्रिया में कई पत्र अस्वीकृत और डिस्कार्ड किए गए, जबकि अब चुनावी प्रक्रिया का अगला महत्वपूर्ण चरण नाम वापसी और चुनाव चिह्न आवंटन का होगा।

जिला निर्वाचन अधिकारी (पंचायत) संदेश नायक ने बताया कि जिला परिषद सदस्य पद के लिए कुल 57 वार्डों में 8 से 13 अक्टूबर 2026 तक 223 अभ्यर्थियों ने कुल 234 नामांकन पत्र दाखिल किए थे। संवीक्षा के दौरान इनमें से 62 नामांकन पत्र अस्वीकृत किए गए और 2 नामांकन पत्र डिस्कार्ड किए गए। इसके बाद 170 वैध नामांकन पत्र और 170 वैध अभ्यर्थी दर्ज किए गए हैं।

प्रथम चरण में शामिल आठ पंचायत समितियों के 146 वार्डों में कुल 603 नामांकन पत्र दाखिल हुए। पंचायत समिति-वार आंकड़ों के अनुसार चौमूं में 104, दूदू में 59, गोविंदगढ़ में 94, झोटवाड़ा में 59, जोबनेर में 86, किशनगढ़-रेनवाल में 75, मौजमाबाद में 62 और सांभर में 64 नामांकन पत्र प्राप्त हुए।

इन पंचायत समितियों में नामांकन पत्रों की संवीक्षा के बाद कुल 145 नामांकन पत्र अस्वीकृत किए गए, जबकि 4 नामांकन पत्र डिस्कार्ड किए गए। इसके बाद कुल 454 वैध नामांकन पत्र और 454 वैध अभ्यर्थी दर्ज किए गए हैं। पंचायत समिति-वार वैध अभ्यर्थियों की संख्या में चौमूं से 75, दूदू से 52, गोविंदगढ़ से 61, झोटवाड़ा से 52, जोबनेर से 62, किशनगढ़-रेनवाल से 53, मौजमाबाद से 50 और सांभर से 49 अभ्यर्थी शामिल हैं।

जिला निर्वाचन अधिकारी संदेश नायक के अनुसार, चुनाव प्रक्रिया के अगले चरण में 15 अक्टूबर को अपराह्न 3 बजे तक नाम वापस लिए जा सकेंगे। नाम वापसी की समय-सीमा समाप्त होते ही चुनाव प्रतीकों का आवंटन किया जाएगा और चुनाव लड़ने वाले अभ्यर्थियों की सूची प्रकाशित की जाएगी।

जिला परिषद और पंचायत समिति सदस्यों के लिए प्रथम चरण के मतदान से पहले मतदान दलों का प्रस्थान 21 अक्टूबर को होगा। इसके अगले दिन, 22 अक्टूबर 2026 (गुरुवार) को सुबह 7 बजे से शाम 6 बजे तक मतदान कराया जाएगा। चुनाव की मतगणना 20 नवंबर 2026 को जिला मुख्यालय पर होगी। नामांकन की संवीक्षा पूरी होने के बाद अब 15 अक्टूबर की नाम वापसी प्रक्रिया और चुनाव चिह्न आवंटन पर अभ्यर्थियों की निगाहें रहेंगी।

Tags: