जयपुर स्थित जवाहर कला केंद्र में आयोजित राज्य स्तरीय अमृता हाट के दौरान स्वयं सहायता समूह की स्टॉल पर उत्पाद देखती और महिला उद्यमी से चर्चा करतीं उपमुख्यमंत्री दीया कुमारी।

जयपुर में आयोजित राज्य स्तरीय अमृता हाट में उपमुख्यमंत्री एवं महिला एवं बाल विकास मंत्री दिया कुमारी ने स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं को डिजिटल मंचों के माध्यम से अपने उत्पादों की बिक्री बढ़ाने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने अधिकारियों को मेले में सहभागी महिलाओं के लिए डिजिटल मार्केटिंग प्रशिक्षण सत्र आयोजित करने के निर्देश भी दिए।

दिया कुमारी ने बुधवार शाम 14 अक्टूबर 2026 को जवाहर कला केन्द्र, जयपुर में आयोजित अमृता हाट का अवलोकन किया। यह आयोजन 11 से 20 अक्टूबर तक किया जा रहा है। इस दौरान उन्होंने स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं की ओर से लगाए गए स्टॉलों पर पहुंचकर उनके उत्पाद देखे, उनकी सराहना की और खरीदारी कर महिलाओं का उत्साहवर्धन किया।

उपमुख्यमंत्री ने महिलाओं को सुझाव दिया कि वे अपने उत्पादों की बिक्री के लिए केवल प्रदर्शनियों पर निर्भर न रहें। डिजिटल मार्केटिंग और ऑनलाइन मंचों का उपयोग करें, क्योंकि इनके माध्यम से सरल तरीके से व्यापक बाजार तक पहुंच बनाई जा सकती है।

उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि अमृता हाट में भाग ले रही महिलाओं के लिए आयोजन के दौरान ही डिजिटल मार्केटिंग का प्रशिक्षण सत्र आयोजित किया जाए, ताकि वे अपने उत्पादों की ऑनलाइन बिक्री के तरीकों को समझ सकें और डिजिटल माध्यमों का उपयोग कर सकें।

दिया कुमारी ने कहा कि सरकार का संकल्प है कि स्वयं सहायता समूह की हर महिला उद्यमी बने और उसे राष्ट्रीय स्तर पर पहचान मिले। इस दिशा में डिजिटल मार्केटिंग महिलाओं के उत्पादों को व्यापक बाजार तक पहुंचाने का माध्यम बन सकती है।

उल्लेखनीय है कि राज्य स्तरीय अमृता हाट में 170 से अधिक स्टॉल लगाए गए हैं। इनमें स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं के हस्तशिल्प, वस्त्र, आभूषण और स्थानीय उत्पादों का प्रदर्शन एवं विक्रय किया जा रहा है। अमृता हाट के माध्यम से महिला समूहों को अपने उत्पाद प्रदर्शित करने और उनकी बिक्री करने का अवसर मिल रहा है।

Tags: