जयपुर में जिला निर्वाचन अधिकारी संदेश नायक ने मतदान दलों की रवानगी स्थल का निरीक्षण किया।

जयपुर में पंचायतीराज आम चुनाव के चतुर्थ चरण को लेकर निर्वाचन तैयारियां तेज हो गई हैं। जिला निर्वाचन अधिकारी (पंचायत) संदेश नायक ने 10 नवंबर को श्री भवानी निकेतन कॉलेज ऑफ फार्मेसी, सीकर रोड परिसर का दौरा कर मतदान दलों की रवानगी और अंतिम प्रशिक्षण से जुड़ी व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने अधिकारियों को निर्वाचन संबंधी सभी तैयारियां समयबद्ध और व्यवस्थित तरीके से पूरी करने के निर्देश दिए।

जिला निर्वाचन अधिकारी ने संबंधित अधिकारियों से कहा कि मतदान दलों की रवानगी निर्धारित समय पर सुनिश्चित की जाए तथा निर्वाचन सामग्री का वितरण सुव्यवस्थित ढंग से किया जाए, ताकि मतदान कार्मिकों को किसी प्रकार की असुविधा का सामना नहीं करना पड़े।

उन्होंने बताया कि चुनाव के चतुर्थ चरण में जिला परिषद के 13 वार्डों (वार्ड संख्या 38 से 50) तथा बस्सी, तूंगा, जमवारामगढ़ और आंधी पंचायत समितियों के 82 पंचायत समिति वार्डों एवं 140 ग्राम पंचायतों के 446 मतदान केंद्रों के लिए मतदान दल 13 नवंबर को अंतिम प्रशिक्षण के बाद श्री भवानी निकेतन कॉलेज ऑफ फार्मेसी परिसर से रवाना होंगे।

निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार जिला परिषद एवं पंचायत समिति सदस्य पदों के लिए मतदान 14 नवंबर को होगा। पंच एवं सरपंच पदों के लिए 15 नवंबर को प्रातः 8 बजे से पूर्वाह्न 11 बजे तक नामांकन होंगे। इसके बाद 16 नवंबर को प्रातः 7 बजे से सायं 6 बजे तक मतदान कराया जाएगा। वहीं, 17 नवंबर को उपसरपंच का चुनाव संपन्न होगा।

जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि मंगलवार को इन चारों पंचायत समितियों में मतदान के लिए इस्तेमाल होने वाली ईवीएम की कमिशनिंग का कार्य पूरा कर लिया गया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि मतदान दलों को रवाना करने से पहले ईवीएम, बैलेट पेपर और अन्य निर्वाचन सामग्री की पूरी तरह जांच की जाए, ताकि मतदान प्रक्रिया स्वतंत्र, निष्पक्ष और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराई जा सके।

निरीक्षण के दौरान उप जिला निर्वाचन अधिकारी मेघराज सिंह मीणा, अतिरिक्त जिला कलक्टर चतुर्थ आशीष कुमार, एसडीएम बस्सी दीपक खटाणा सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

Tags: