जयपुर। पंचायती राज संस्थाओं के आम चुनाव में मतदाताओं को सुगम, सुरक्षित और सुविधाजनक मतदान अनुभव उपलब्ध कराने के लिए जयपुर जिले की मौजमाबाद पंचायत समिति के राजकीय प्राथमिक विद्यालय, श्रीनिवासपुरा में आदर्श मतदान केंद्र स्थापित किया जाएगा। यहां दिव्यांगजन और वरिष्ठ नागरिकों की सुविधाओं से लेकर स्वच्छ पेयजल, व्यवस्थित कतार, सहायता बूथ और सेल्फी पॉइंट तक की व्यवस्था की जाएगी।

जिला निर्वाचन अधिकारी (पंचायत) संदेश नायक ने बताया कि राज्य निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुसार पंचायती राज संस्थाओं के आम चुनाव के प्रथम चरण में जिले की किसी एक पंचायत समिति में एक आदर्श मतदान केंद्र स्थापित किया जाना है। इसके तहत मौजमाबाद पंचायत समिति के राजकीय प्राथमिक विद्यालय, श्रीनिवासपुरा का चयन किया गया है।

आदर्श मतदान केंद्र पर मतदाताओं की सुविधा के लिए स्वच्छ, सुरक्षित और सुगम प्रवेश व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी। केंद्र पर प्रवेश और निकास के स्पष्ट संकेतक, पर्याप्त प्रकाश एवं विद्युत व्यवस्था, स्वच्छ पेयजल और स्वच्छ शौचालय उपलब्ध कराए जाएंगे। मतदान केंद्र को आकर्षक ढंग से सजाने के साथ मतदान से संबंधित सेल्फी पॉइंट भी बनाया जाएगा। मतदाताओं को आवश्यक जानकारी उपलब्ध कराने के लिए वोटर असिस्टेंस बूथ स्थापित किया जाएगा और वहां मतदाता संबंधी सूचनाएं प्रदर्शित की जाएंगी।

दिव्यांगजन और वरिष्ठ नागरिक मतदाताओं की सुविधा के लिए उपयुक्त रैम्प, व्हीलचेयर और आवश्यक संकेतक उपलब्ध कराए जाएंगे। इसके साथ ही मतदाताओं के लिए छायादार प्रतीक्षा स्थल और व्यवस्थित कतार की व्यवस्था की जाएगी। मतदान केंद्र पर प्राथमिक उपचार (फर्स्ट एड) की सुविधा भी उपलब्ध रहेगी। आवश्यकता के अनुसार स्वयंसेवकों और राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) की सहायता ली जाएगी।

जिला निर्वाचन अधिकारी संदेश नायक ने बताया कि मतदान केंद्र को स्वच्छ, सुव्यवस्थित और मतदाता-अनुकूल बनाया जाएगा। इसके लिए स्थानीय कला एवं संस्कृति तथा पर्यावरण-अनुकूल सामग्री का यथासंभव उपयोग किया जाएगा।

उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि आदर्श मतदान केंद्र पर निर्धारित सभी व्यवस्थाएं मतदान दिवस से पहले पूरी कर ली जाएं। साथ ही मतदान दिवस पर इन व्यवस्थाओं की उपलब्धता और उनके सुचारु रूप से कार्य करने की स्थिति सुनिश्चित की जाए। इस पहल के तहत श्रीनिवासपुरा के मतदान केंद्र पर मतदाताओं की सुविधा, सुगमता और आवश्यक सहायता से जुड़ी व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाएंगी।

Tags: