जगदीशपुर के बधनगरी छावनी टोला स्थित पूजा पंडाल में स्थापित मां दुर्गा की भव्य प्रतिमा, जहां इस वर्ष श्रद्धालुओं के लिए 24 घंटे दर्शन की व्यवस्था की गई है।   

जगदीशपुर के बधनगरी छावनी टोला, वार्ड संख्या 3 में नवयुवक दुर्गा पूजा समिति के तत्वावधान में आदि शक्ति माता जगदम्बा की आराधना भव्य रूप से की जा रही है। समस्त ग्रामवासियों के सहयोग से आयोजित दुर्गा पूजा समारोह में सजावट, रोशनी और पूजा की विशेष व्यवस्था की गई है। इस वर्ष पहली बार माता रानी के दर्शन के लिए दरबार 24 घंटे खुला रहेगा।

नवयुवक दुर्गा पूजा समिति के संयोजक अरुण झा ने बताया कि महा सप्तमी के अवसर पर माता दुर्गा के साथ सरस्वती, लक्ष्मी, गणेश और कार्तिक की पूजा-अर्चना की गई। सुबह 9:30 बजे पूजा प्रारंभ हुई। इसके बाद आरती, मां दुर्गा की पुष्पांजलि और भोग अर्पित किया गया। पूजा समारोह के दौरान परिसर में मेले जैसा माहौल रहा। आसपास के गांवों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचकर माता रानी के दर्शन कर रहे हैं। इनमें महिलाएं, बच्चे और पुरुष शामिल हैं।

जगदीशपुर के बधनगरी छावनी टोला स्थित इस धार्मिक स्थल पर बाबा ब्रह्म, माता काली और हनुमान जी के मंदिर भी बने हुए हैं। मान्यता है कि यहां सच्चे मन से मन्नत मांगने पर वह पूरी होती है। पूजा स्थल पर माता रानी के नौ रूपों की स्थापना की गई है और हर वर्ष ग्रामवासियों के सहयोग से आदि शक्ति माता जगदम्बा की आराधना की जाती है।

पंडित मनोज झा ने बताया कि मां शक्ति के अष्टम रूप की विधि-विधान से पूजा-अर्चना की गई है। नवमी तिथि को मां दुर्गा एवं मां काली के प्रांगण में महाहवन का आयोजन किया जाएगा। शाम को सामूहिक आरती भी होगी, जिसमें महिलाएं बढ़-चढ़कर भाग लेंगी।

समिति के सदस्य सुरेश पंडित ने बताया कि आरती के बाद महिलाएं सामूहिक रूप से माता रानी के भजन गाती हैं, जबकि रात में पुरुष भजन-कीर्तन करते हैं। पूजा समारोह का समापन विजय दशमी के दिन होगा। इस वर्ष पहली बार श्रद्धालुओं के लिए माता रानी के दर्शन का दरबार चौबीसों घंटे खुला रखने की व्यवस्था की गई है।

पूजा आयोजन में समिति के कार्यकारिणी सदस्य नाथू पंडित, अजय झा, आशुतोष झा, आदर्श झा, सुबोध शाह, संतोष पंडित, शिवजी पंडित, रामलाल पंडित, दिनेश पंडित, बैजनाथ पंडित, विजय पंडित, सनी कुमार, संजीत कुमार, प्रमोद कुमार, देवेंद्र पंडित, गौतम कुमार, अमरजीत झा, राहुल झा, कुंदन झा, संजय झा, नंदन शाह, पप्पू सिंह, हरि सिंह, चिंटू सिंह, रोशन पंडित, रोहित कुमार, अमन कुमार, रमेश साह, शिवेन्द्र साह, रामजी साह और राजीव सिंह सहित अन्य सदस्य प्रतिदिन देर रात तक अपनी सेवाएं दे रहे हैं। ग्रामवासियों के सहयोग और समिति के सदस्यों की सक्रिय भागीदारी से पूजा समारोह में आसपास के गांवों के श्रद्धालु बड़ी संख्या में शामिल हो रहे हैं।

Tags: