जयपुर। पंचायतीराज चुनाव-2026 के तहत जयपुर जिले में चौथे चरण के निर्वाचन की तैयारियां तेज हो गई हैं। इस चरण में बस्सी, तूंगा, जमवारामगढ़ एवं आंधी पंचायत समितियों की कुल 140 ग्राम पंचायतों में निर्वाचन प्रक्रिया संपन्न कराई जाएगी। जिला परिषद एवं पंचायत समिति सदस्यों के लिए 14 नवंबर 2026 को मतदान होगा, जबकि सरपंच एवं वार्ड पंच पदों के लिए 16 नवंबर को मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे।

जिला निर्वाचन अधिकारी (पंचायत) संदेश नायक ने स्वतंत्र, निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण मतदान सुनिश्चित करने के लिए संबंधित रिटर्निंग अधिकारियों को सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समय पर पूरी करने के निर्देश दिए हैं। निर्वाचन कार्यक्रम के अनुसार चौथे चरण के लिए 31 अक्टूबर को लोक सूचना जारी की जाएगी। पंचायत समिति सदस्य पदों के लिए नामांकन प्रस्तुत करने की अंतिम तिथि 4 नवंबर निर्धारित की गई है। नामांकन पत्रों की संवीक्षा 5 नवंबर को होगी, जबकि 6 नवंबर को नाम वापसी और चुनाव चिह्न आवंटन की प्रक्रिया पूरी की जाएगी। मतदान दल 13 नवंबर को रवाना होंगे।

जिला परिषद एवं पंचायत समिति सदस्य पदों के लिए 14 नवंबर 2026 को सुबह 7 बजे से शाम 6 बजे तक मतदान कराया जाएगा। इसके बाद सरपंच एवं वार्ड पंच पदों के लिए 15 नवंबर को सुबह 8 बजे से पूर्वाह्न 11 बजे तक नामांकन प्रक्रिया आयोजित की जाएगी। इन पदों के लिए 16 नवंबर को सुबह 7 बजे से शाम 6 बजे तक मतदान होगा।

सरपंच एवं वार्ड पंच पदों की मतगणना मतदान समाप्त होने के तुरंत बाद संबंधित ग्राम पंचायत मुख्यालय पर की जाएगी। वहीं, उपसरपंच का चुनाव 17 नवंबर को होगा। जयपुर जिले की बस्सी, तूंगा, जमवारामगढ़ एवं आंधी पंचायत समितियों की 140 ग्राम पंचायतों में निर्वाचन प्रक्रिया को निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार संपन्न कराने के लिए प्रशासनिक तैयारियां जारी हैं।

Tags: