नीमराणा में 27 अक्टूबर को राज्यपाल हरिभाऊ बागडे ने पुलिस मोटरसाइकिलों को झंडी दिखाकर रवाना किया।

राजस्थान पुलिस की गश्त व्यवस्था, यातायात प्रबंधन और आपात स्थितियों में त्वरित प्रतिक्रिया क्षमता को मजबूत करने के उद्देश्य से राज्यपाल हरिभाऊ बागडे ने मंगलवार को कोटपूतली-बहरोड़ जिले के नीमराणा स्थित हीरो मोटोकॉर्प लिमिटेड के संयंत्र में 30 मोटरसाइकिलों को झंडी दिखाकर रवाना किया। हेलमेट सहित उपलब्ध कराई गईं इन मोटरसाइकिलों के माध्यम से पुलिस को अपने दायित्वों के निर्वहन में अधिक प्रभावी ढंग से कार्य करने में सहायता मिलेगी।

जयपुर/कोटपूतली-बहरोड़, 27 अक्टूबर। राइजिंग नीमराणा कार्यक्रम के तहत आयोजित इस पहल में राज्यपाल श्री हरिभाऊ बागडे ने सहभागिता करते हुए सड़क सुरक्षा और यातायात नियमों की पालना के प्रति जागरूकता बढ़ाने का संदेश दिया। हीरो मोटोकॉर्प लिमिटेड की ओर से राजस्थान पुलिस को ये मोटरसाइकिलें सामाजिक उत्तरदायित्व (सीएसआर) के तहत संचालित ‘राइड सेफ इंडिया’ कार्यक्रम के अंतर्गत उपलब्ध कराई गई हैं।

राज्यपाल श्री बागडे ने हीरो मोटोकॉर्प की इस पहल की सराहना की। उन्होंने सुरक्षित वाहन संचालन को सड़क सुरक्षा का महत्वपूर्ण आधार बताते हुए लोगों से यातायात नियमों की पालना के प्रति सजग रहने का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि इस प्रकार की पहल सड़क सुरक्षा के प्रति जन-जागरूकता बढ़ाने और यातायात व्यवस्था को अधिक प्रभावी बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण है।

हीरो मोटोकॉर्प की ओर से हेलमेट सहित प्रदान की गईं 30 मोटरसाइकिलों से राजस्थान पुलिस की गश्त व्यवस्था, यातायात प्रबंधन और आपात स्थितियों में त्वरित प्रतिक्रिया देने की क्षमता को बेहतर बनाने में मदद मिलेगी। इन वाहनों से पुलिसकर्मियों को अपने कर्तव्यों का निर्वहन अधिक प्रभावी ढंग से करने में सहायता मिलेगी। यह पहल पुलिस की कार्यक्षमता बढ़ाने के साथ सड़क सुरक्षा और यातायात नियमों के प्रति जागरूकता को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से महत्वपूर्ण है।

Tags: