जयपुर में पूर्व जिला प्रमुख पृथ्वीराज मील ने समर्थकों संग मदन राठौड़ की मौजूदगी में भाजपा जॉइन की।

जयपुर। श्रीगंगानगर के पूर्व जिला प्रमुख पृथ्वीराज मील ने अपने दर्जनभर से अधिक समर्थकों के साथ भारतीय जनता पार्टी की सदस्यता ग्रहण की। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ ने पार्टी का दुपट्टा पहनाकर पृथ्वीराज मील सहित सभी समर्थकों का भाजपा में स्वागत किया। इस दौरान भाजपा प्रदेश प्रभारी संजय भाटिया और प्रदेश महामंत्री श्रवण सिंह बगड़ी भी मौजूद रहे। उन्होंने पार्टी में शामिल होने वाले सभी कार्यकर्ताओं का अभिनंदन किया।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ ने कहा कि पृथ्वीराज मील सहित समाज के जागरूक लोगों का भाजपा से जुड़ना संगठन के लिए उत्साहजनक है। इससे पार्टी की ताकत बढ़ेगी और राष्ट्रीय नेतृत्व को मजबूती मिलेगी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश को विकसित भारत बनाने के संकल्प को पूरा करने में समाज के प्रत्येक वर्ग का योगदान महत्वपूर्ण है। ऐसे समय में समाज के प्रतिनिधियों का भाजपा के साथ आना संगठन के लिए गौरव और प्रसन्नता का विषय है।

राठौड़ ने कहा कि पृथ्वीराज मील ने भाजपा की सदस्यता ग्रहण करने के साथ ही पंजाब विधानसभा चुनाव में पार्टी को मजबूत बनाने के लिए पूर्ण सहयोग का आश्वासन दिया है। मील और उनके कार्यकर्ताओं ने पंजाब की सीमा से जुड़े क्षेत्रों के लोगों के बीच भाषाई एवं सामाजिक समानताओं को ध्यान में रखते हुए भाजपा की जीत के लिए अपनी पूरी टीम के साथ योगदान देने का संकल्प लिया है। उन्होंने इस पहल का स्वागतयोग्य बताया।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि समाज के प्रतिनिधि अपनी संगठनात्मक क्षमता और जनसंपर्क के माध्यम से पार्टी को मजबूत बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे। समाज के लोगों के सहयोग से राजस्थान में मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व वाली भाजपा सरकार को भी मजबूती मिलेगी। उन्होंने कहा कि राजस्थान में पंचायत चुनाव हों या पंजाब में विधानसभा चुनाव, समाज के प्रतिनिधियों की सक्रिय भागीदारी और उनकी संगठनात्मक क्षमता पार्टी के लिए उपयोगी सिद्ध होगी।

इस अवसर पर पूर्व सरपंच धर्मपाल बेनीवाल, जमीदारा छात्र संगठन श्रीगंगानगर के पूर्व प्रदेशाध्यक्ष प्रदीप मटोरिया, शब्बीर खान, संजय अग्रवाल, अंकुर छाबड़ा, कमल रेगर, डालाराम नायक, महेंद्र जाखड़, राजीव मेहता, महावीर बेनीवाल और पवन सारस्वत ने भी भाजपा की सदस्यता ग्रहण की। मदन राठौड़ ने उपस्थित प्रतिनिधियों, कार्यकर्ताओं और समर्थकों का स्वागत एवं अभिनंदन करते हुए उनका आभार व्यक्त किया।

Tags: