केंद्रीय मंत्री हर्ष मल्होत्रा नई दिल्ली में दीप प्रज्ज्वलित कर रहे हैं।

जयपुर में किसानों, ग्रामीण उद्यमियों और कृषि क्षेत्र से जुड़े हितधारकों को भविष्य की आर्थिक सुरक्षा से जोड़ने के उद्देश्य से शुक्रवार, 13 नवंबर को ‘एनपीएस संचय आउटरीच कार्यक्रम’ का आयोजन किया गया। पेंशन निधि विनियामक और विकास प्राधिकरण (PFRDA) तथा राज्य स्तरीय बैंकर्स समिति (SLBC), राजस्थान के मार्गदर्शन में अग्रणी जिला प्रबंधक कार्यालय जयपुर और भारतीय स्टेट बैंक (SBI) के तत्वावधान में शहर के एक निजी होटल में यह जागरूकता कार्यक्रम आयोजित हुआ।

कार्यक्रम में पेंशन निधि विनियामक और विकास प्राधिकरण के अधिकारी शुभम खंडेलवाल, डॉ. ऋत्विक भावसर, अंजिक्या जी और आशीष पंवार मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। इनके साथ नाबार्ड के जयपुर जिला विकास अधिकारी किशोर मेहरा, भारतीय स्टेट बैंक के सहायक महाप्रबंधक प्रचुर गुप्ता, कमलेश कुमार बैरवा और महेश शर्मा भी मौजूद रहे। कार्यक्रम का संचालन अग्रणी जिला प्रबंधक राजेश आर. जैन ने किया।

शुभम खंडेलवाल ने बताया कि कार्यक्रम का प्रमुख उद्देश्य किसानों, किसान उत्पादक संगठनों (FPOs) के सदस्यों, ग्रामीण उद्यमियों तथा कृषि एवं इससे जुड़ी गतिविधियों में शामिल अन्य हितधारकों को एनपीएस संचय योजना के लाभों की जानकारी देना और उन्हें सुरक्षित भविष्य के लिए पेंशन योजना से जोड़ना था।

कार्यक्रम के दौरान अतिथियों और विशेषज्ञों ने एनपीएस संचय योजना की विशेषताओं, निवेश के विभिन्न विकल्पों और वृद्धावस्था में वित्तीय सुरक्षा के महत्व पर विस्तार से जानकारी दी। जागरूकता सत्र में बड़ी संख्या में किसानों, ग्रामीण उद्यमियों, विभिन्न बैंकों के प्रतिनिधियों और सीएसपी संचालकों ने भाग लिया। कार्यक्रम में शामिल इच्छुक प्रतिभागियों के लिए मौके पर ही नामांकन और पंजीकरण की व्यवस्था भी सुनिश्चित की गई।

इस अवसर पर रुडसेट, केनरा बैंक, विद्याधर नगर के निदेशक नरेंद्र जी तथा संस्थान के प्रशिक्षार्थी छात्र-छात्राओं ने भी सहभागिता की। एनपीएस संचय कार्यक्रम के दौरान आयोजित प्रश्नोत्तरी में प्रतिभागियों को स्मृति चिह्न भेंट किए गए।

कार्यक्रम के समापन पर अग्रणी जिला प्रबंधक कार्यालय के गणेश कुमार और राहुल गुप्ता ने उपस्थित किसानों, विभिन्न बैंकों के अधिकारियों, जिला बैंक समन्वयक, आरोह फाउंडेशन की सीएफएल टीम, एफएलसी, बीसी/सीएसपी संचालकों और सभी प्रतिभागियों का आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम के माध्यम से ग्रामीण क्षेत्र के किसानों और उद्यमियों तक पेंशन योजना की जानकारी पहुंचाने के साथ उन्हें मौके पर ही पंजीकरण की सुविधा उपलब्ध कराई गई।

Tags: