तस्वीर में मदनगंज थाना पुलिस द्वारा किशनगढ़ में 1.80 करोड़ के सोने के आभूषण ठगने के मामले में गिरफ्तार किए गए तीनों आरोपी और कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम नजर आ रही है।

किशनगढ़ में ज्वैलरी खरीदने का ऑर्डर देकर व्यापारी से करीब 1510 ग्राम सोने के आभूषण ठगने वाले तीन आरोपियों को मदनगंज थाना पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपियों ने चुरू से व्यापारी के कर्मचारियों को माल लेकर किशनगढ़ बुलाया और आभूषण देखने के बाद भुगतान करने के बहाने उन्हें चकमा देकर फरार हो गए। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से करीब 1 करोड़ 80 लाख रुपये कीमत के सोने के आभूषण और 1 लाख 32 हजार रुपये नकद बरामद किए हैं। आरोपियों तक पहुंचने के लिए पुलिस ने 500 से अधिक सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली और कई शहरों में दबिश दी।

पुलिस अधीक्षक अजमेर हर्षवर्धन अगरवाला के निर्देश पर संपत्ति संबंधी अपराधों, लूट, चोरी और नकबजनी के मामलों में फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ग्रामीण डॉ. लाल चंद कायल और वृत्ताधिकारी किशनगढ़ शहर धर्मराज चौधरी के निर्देशन में थानाधिकारी मदनगंज भवानी सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम गठित की गई। टीम ने तकनीकी अनुसंधान और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर कार्रवाई करते हुए तीनों आरोपियों को गिरफ्तार किया।

मामले में परिवादी मनफूल सोनी निवासी चाड़वास, जिला चुरू ने 10 नवंबर 2026 को मदनगंज थाने में रिपोर्ट दर्ज करवाई थी। परिवादी ने बताया कि वह चाड़वास स्थित पायल ज्वैलर्स का प्रोपराइटर है। उसके मोबाइल पर किशनगढ़ निवासी राहुल सोनी पिछले तीन-चार दिनों से फोन कर उसकी फर्म से सोने की ज्वैलरी खरीदने का ऑर्डर दे रहा था। राहुल पर विश्वास करके परिवादी ने 5 नवंबर 2026 को अपने स्टाफ के कर्मचारी राम सोनी और मनोज सोनी को करीब 1510 ग्राम वजन के सोने के आभूषण बिल सहित किशनगढ़ भेजा।

दोनों कर्मचारी दोपहर करीब 3:30 बजे किशनगढ़ पहुंचे। यहां राहुल सोनी उन्हें गुणसागर ज्वैलर्स के ऊपर स्थित मकान में ले गया। कर्मचारियों ने राहुल को सोने के आभूषण दिखाए और बिल सौंप दिया। इसके बाद राहुल ने माल का चयन करवाने का बहाना बनाया और वहां से चला गया। कर्मचारियों ने कई बार फोन किया तो वह वापस आया और भुगतान करने के साथ शेष सामान देने की बात कहकर उन्हें आरआर ज्वैलर्स, मदनगंज ले गया। वहां कर्मचारियों को खड़ा रहने के लिए कहकर राहुल सोनी स्कूटी लेकर फरार हो गया। इस तरह ज्वैलरी खरीदने का ऑर्डर देकर आरोपियों ने व्यापारी के कर्मचारियों से करीब 1510 ग्राम सोने के आभूषण ठग लिए।

रिपोर्ट दर्ज होने के बाद पुलिस ने आरोपियों और चोरी गए आभूषणों की तलाश के लिए अलग-अलग टीमें गठित कीं। पुलिस ने किशनगढ़ शहर की गलियों और प्रमुख मार्गों पर लगे 500 से अधिक सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। तकनीकी अनुसंधान और फुटेज के विश्लेषण से आरोपियों की पहचान की गई। घटना के बाद आरोपी लगातार अपने ठिकाने बदल रहे थे, जिसके चलते पुलिस टीमों ने कई दिनों तक उनका पीछा किया।

आरोपियों की तलाश में पुलिस ने ब्यावर, राजसमंद, अजमेर, लाडनूं, चुरू, बीकानेर, श्रीगंगानगर, हनुमानगढ़, हरिद्वार और जयपुर सहित विभिन्न शहरों में दबिश दी। लगातार पीछा करने के बाद पुलिस ने राहुल कुमार सोनी (39) निवासी चुरू हाल मदनगंज, अविनाश कुमार सिंह (37) निवासी सुल्तानपुर, उत्तर प्रदेश हाल रामगंज, जिला अजमेर और प्रेम नवलानी (34) निवासी रामगंज, जिला अजमेर को गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे से करीब 1510 ग्राम सोने के विभिन्न आभूषण बरामद किए हैं, जिनकी कुल कीमत करीब 1 करोड़ 80 लाख रुपये बताई गई है। इसके अलावा 1 लाख 32 हजार रुपये नकद भी बरामद किए गए हैं। इस कार्रवाई में पुलिस ने तकनीकी अनुसंधान, सीसीटीवी फुटेज और विभिन्न शहरों में लगातार दबिश देकर ज्वैलरी व्यापारी से हुई बड़ी धोखाधड़ी का खुलासा किया।

Tags: