जयपुर में पंचायत चुनाव के चौथे चरण के दौरान भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ ने मीडिया से की खास चर्चा।

जयपुर, 13 नवंबर 2026। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ ने पंचायत चुनाव के चौथे चरण के बीच मतदाताओं से गांवों के सर्वांगीण विकास के लिए भाजपा के पक्ष में मतदान करने की अपील की है। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में जनता की भागीदारी सबसे महत्वपूर्ण है। प्रत्येक मतदाता अधिक से अधिक संख्या में मतदान कर लोकतंत्र को मजबूत बनाए। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का संकल्प भारत को विकसित राष्ट्र बनाना है और विकसित भारत का सपना तभी साकार होगा, जब देश के गांव भी विकास की मुख्यधारा से जुड़ेंगे। ऐसे में प्रत्येक मतदाता का वोट लोकतंत्र की सफलता और विकसित भारत के निर्माण में महत्वपूर्ण योगदान देगा।

राठौड़ ने कहा कि भाजपा का संकल्प गांवों में भी शहरों जैसी मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध करवाना है। इसके तहत बेहतर सड़कें, रोड लाइट, नालियां, इंटरनेट सहित तमाम आवश्यक सुविधाएं विकसित की जाएंगी, ताकि ग्रामीणों का जीवन स्तर बेहतर हो और गांवों से होने वाले पलायन पर रोक लगाई जा सके। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा भी गांवों के विकास के लिए प्रतिबद्ध हैं। केंद्र और राज्य के बाद अब गांवों में भी भाजपा की सरकार बनने से विकास कार्यों को नई गति मिलेगी। उन्होंने दावा किया कि पहले तीन चरणों में भाजपा के पक्ष में उत्साहवर्धक मतदान हुआ है और चौथे चरण में भी पार्टी को भारी समर्थन मिलने का विश्वास है।

पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत सहित विपक्षी नेताओं की बयानबाजी पर प्रतिक्रिया देते हुए मदन राठौड़ ने कहा कि अशोक गहलोत को आत्ममंथन करना चाहिए। यदि उन्होंने अपने जनप्रतिनिधियों को समय पर प्रशिक्षण दिया होता तो आज प्रदेश में विकास की स्थिति और बेहतर हो सकती थी। उन्होंने कहा कि भाजपा अपने नवनिर्वाचित होने वाले जनप्रतिनिधियों को प्रशिक्षण देने की दिशा में काम कर रही है, जबकि गहलोत अपने विधायकों तक को प्रशिक्षण नहीं दे पाए। भाजपा जनप्रतिनिधियों को सक्षम और जिम्मेदार बनाने के लिए प्रशिक्षण पर विशेष ध्यान दे रही है। राठौड़ के अनुसार, कांग्रेस जहां सत्ता और बाड़ाबंदी की राजनीति करती रही, वहीं भाजपा प्रशिक्षण और विकास की राजनीति में विश्वास रखती है।

राठौड़ ने कहा कि अशोक गहलोत को समझना चाहिए कि प्रदेश में चुनाव एक साथ संपन्न होने से विकास कार्यों के लिए अधिक समय उपलब्ध होगा। इसी उद्देश्य से मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा की सरकार पहले निकाय और अब पंचायत चुनाव संपन्न करवा रही है। उन्होंने बताया कि पूर्ववर्ती गहलोत सरकार के कार्यकाल में करीब 18 माह के दौरान 13 चरणों में चुनाव हुए थे, जिनमें लगभग 280 दिनों तक आचार संहिता लागू रही। इसके विपरीत भजनलाल सरकार करीब 40 दिनों में पंचायत चुनाव की प्रक्रिया पूरी करवा रही है। गहलोत सरकार के समय पंचायत और निकाय चुनाव कई चरणों में कराए जाते थे, जबकि भाजपा सरकार का ध्येय चुनावी प्रक्रिया को समयबद्ध तरीके से पूरा कर विकास कार्यों को गति देना है।

लोकतंत्र की हत्या के आरोपों पर कांग्रेस को घेरते हुए भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि लोकतंत्र की हत्या किसने की है, यह देश और प्रदेश की जनता भली-भांति जानती है। कांग्रेस को इस विषय पर सवाल उठाने से पहले अपने इतिहास में झांकना चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि जिस कांग्रेस ने एक-दो बार नहीं, बल्कि अनेकों बार लोकतांत्रिक व्यवस्थाओं और चुनी हुई सरकारों को प्रभावित किया, वही आज लोकतंत्र की दुहाई दे रही है। राठौड़ ने कहा कि कांग्रेस ने 93 बार से अधिक धारा 356 का दुरुपयोग लोकतंत्र की हत्या के लिए किया था। उन्होंने इसे बेहद दुर्भाग्यपूर्ण बताते हुए कहा कि भारतीय जनता पार्टी लोकतांत्रिक मूल्यों का सम्मान करने वाली और राष्ट्र प्रथम के ध्येय के साथ काम करने वाली पार्टी है।

उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस ने अनेक अवसरों पर चुनी हुई सरकारों को बर्खास्त किया। आज अशोक गहलोत लोकतंत्र की बात कर रहे हैं, जबकि उन्हें अपने राजनीतिक कार्यकाल के घटनाक्रमों पर भी विचार करना चाहिए। राठौड़ ने कहा कि गहलोत ने विधायकों को प्रलोभन देकर अपनी सरकार बनाई और अल्पमत की स्थिति से बाहर आने के लिए विधायकों को मंत्री बनाने का प्रलोभन देकर अपने पक्ष में किया। उन्होंने सवाल उठाया कि क्या यह लोकतांत्रिक मर्यादाओं का सम्मान था?

मदन राठौड़ ने कहा कि लोकतंत्र केवल सत्ता प्राप्त करने का माध्यम नहीं, बल्कि जनता के जनादेश का सम्मान करने वाली व्यवस्था है। सत्ता हासिल करने के लिए बाहुबल और भीड़तंत्र का सहारा लेना लोकतांत्रिक परंपराओं के अनुरूप नहीं है। लोकतांत्रिक तरीके से चुनी हुई सरकार का सम्मान करना प्रत्येक राजनीतिक दल का दायित्व है। उन्होंने आरोप लगाया कि लोकतांत्रिक तरीके से चुने गए प्रधानमंत्री का अपमान करना, विदेशों में जाकर भारत और राष्ट्र की छवि को नुकसान पहुंचाना तथा ईवीएम पर निराधार सवाल खड़े करना भी लोकतांत्रिक संस्थाओं के प्रति अविश्वास पैदा करता है और यह भी लोकतंत्र की हत्या है।

राठौड़ ने कांग्रेस और विपक्षी नेताओं से राजनीति से ऊपर उठकर लोकतंत्र, संवैधानिक संस्थाओं और राष्ट्र के सम्मान को प्राथमिकता देने की अपील की। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र का सम्मान करना और राष्ट्र की गरिमा बनाए रखना सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। भाजपा इसी भावना के साथ विकसित भारत और विकसित राजस्थान के संकल्प को साकार करने के लिए निरंतर कार्य कर रही है।

Tags: