जयपुर नगर निगम की कार्रवाई, सड़कों से हटाया गया अस्थायी अतिक्रमण
आयुक्त ओम कसेरा के निर्देश पर सतर्कता टीम ने सांगानेर, प्रताप नगर समेत कई प्रमुख इलाकों में अभियान चलाकर चार केंटर सामान जब्त किया।
जयपुर में सड़कों और सार्वजनिक स्थानों पर अस्थायी अतिक्रमण करने वालों के खिलाफ नगर निगम जयपुर की सतर्कता शाखा ने सख्त कार्रवाई करते हुए चार केंटर सामान जब्त किया। शुक्रवार, 13 नवंबर को नगर निगम की टीम ने शहर के कई प्रमुख इलाकों में अभियान चलाकर अस्थायी अतिक्रमण हटवाए और जब्त सामान को गोदाम में भिजवा दिया।
नगर निगम जयपुर आयुक्त ओम कसेरा के निर्देशानुसार तथा पूर्व में प्राप्त शिकायतों के आधार पर उपायुक्त सतर्कता के नेतृत्व में यह कार्रवाई की गई। सतर्कता शाखा की टीम ने सांगानेर, हल्दी घाटी मार्ग, प्रताप नगर, नारायणा हॉस्पिटल के सामने, मध्यम मार्ग, किरणपथ से वरुणपथ बड़ा बाजार तक और वरुणपथ से न्यू सांगानेर रोड तक अस्थायी अतिक्रमण करने वालों के विरुद्ध अभियान चलाया।
कार्रवाई के दौरान नगर निगम की टीम ने विभिन्न स्थानों से अस्थायी अतिक्रमण हटवाते हुए चार केंटर सामान जब्त किया। जब्त सामग्री को नगर निगम के गोदाम में भिजवाया गया।
उपायुक्त सतर्कता ने बताया कि कार्रवाई के दौरान सतर्कता टीम ने मौके पर मौजूद अस्थायी अतिक्रमण करने वालों को समझाइश दी और भविष्य में निर्धारित समय पर अतिक्रमण हटाने के लिए पाबंद किया। साथ ही स्पष्ट किया कि नगर निगम जयपुर के क्षेत्राधिकार में दोबारा अवैध अतिक्रमण पाए जाने पर भारी चालान किया जाएगा अथवा प्रभावी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
नगर निगम की इस कार्रवाई के जरिए संबंधित क्षेत्रों में अस्थायी अतिक्रमण हटाने के साथ ही अतिक्रमण करने वालों को भविष्य में नियमों का पालन करने की चेतावनी दी गई है।