जयपुर नगर निगम का सेवा सेतु अभियान, जोन कार्यालयों में लगेंगे शिविर
नगर निगम जयपुर द्वारा नागरिकों को मूलभूत सुविधाएं और सरकारी योजनाओं का लाभ देने के लिए विभिन्न जोनों में विशेष शिविर आयोजित किए जा रहे हैं।
जयपुर में सेवा सेतु अभियान शिविर के दौरान नगर निगम अधिकारी नागरिक को प्रमाण पत्र और दस्तावेज सौंपते हुए।
जयपुर में आमजन को नगर निगम से जुड़ी सेवाएं उपलब्ध कराने और लंबित कार्यों का त्वरित निस्तारण करने के लिए सेवा सेतु अभियान-2026 के तहत शिविरों का आयोजन जारी है। नगर निगम जयपुर की ओर से राज्य सरकार के निर्देशानुसार 7 अक्टूबर से 16 अक्टूबर 2026 तक चलाए जा रहे इस अभियान के तहत मंगलवार, 13 अक्टूबर को झोटवाड़ा एवं वैशाली नगर जोन कार्यालयों में शिविर आयोजित किए जाएंगे। अभियान के दौरान विभिन्न नागरिक सेवाओं के साथ सरकारी जनकल्याणकारी योजनाओं के आवेदन प्राप्त करने और स्वीकृति जारी करने की प्रक्रिया भी संचालित की जाएगी।
नगर निगम प्रशासन ने 16 अक्टूबर तक के शिविर कार्यक्रम की घोषणा कर दी है। सोमवार को जगतपुरा एवं झालाना जोन में शिविर आयोजित किए गए। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार 13 अक्टूबर 2026 को झोटवाड़ा एवं वैशाली नगर जोन कार्यालयों में शिविर लगेंगे। इसके बाद 14 अक्टूबर को मालवीय नगर जोन कार्यालय, 15 अक्टूबर को किशनपोल एवं हवामहल-आमेर जोन कार्यालय तथा 16 अक्टूबर को आदर्श नगर एवं सिविल लाइन जोन कार्यालय में शिविर आयोजित किए जाएंगे।
शिविरों में नगर निगम जयपुर से संबंधित सफाई, सीसी और डामर सड़कों की मरम्मत एवं पेचवर्क, स्ट्रीट लाइट, सार्वजनिक स्थलों के रखरखाव एवं सौंदर्यीकरण, नालियों की मरम्मत, फेरोकवर एवं मैनहोल की मरम्मत, सीवर लाइन लीकेज की मरम्मत और आवारा पशुओं को पकड़ने जैसी सेवाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। इसके साथ ही जन्म-मृत्यु एवं विवाह पंजीयन, फायर एनओसी, ट्रेड लाइसेंस, साइनेज लाइसेंस, सीवर कनेक्शन तथा ओएफसी-मोबाइल टावर एनओसी से संबंधित कार्य भी किए जाएंगे।
अभियान के तहत ईडब्ल्यूएस प्रमाण पत्र, अनुमोदित योजनाओं के पट्टे, 69-ए, 54-ई, 50-बी और 60-सी के अंतर्गत पट्टे, उपविभाजन एवं पुनर्गठन, भू-उपयोग परिवर्तन, नामांतरण, लीज मुक्ति प्रमाण पत्र, भवन निर्माण स्वीकृति तथा लीज डीड से फ्रीहोल्ड पट्टे से संबंधित सेवाएं भी उपलब्ध रहेंगी। यूडी टैक्स से जुड़े कार्यों के साथ विभिन्न राजकीय विभागों की फ्लैगशिप जनहित योजनाओं के आवेदन प्राप्त करने और स्वीकृति जारी करने की व्यवस्था भी की गई है।
शिविरों में विद्यालयों, आंगनबाड़ी केंद्रों एवं अन्य सार्वजनिक भवनों की मरम्मत और सौंदर्यीकरण से जुड़े कार्यों के अलावा अटल पेंशन योजना, वृद्धावस्था पेंशन, विधवा पेंशन, विकलांग पेंशन, मुख्यमंत्री निशुल्क बिजली योजना, पीएम स्वनिधि से समृद्धि कार्यक्रम और पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना से संबंधित कार्य भी किए जाएंगे।
अभियान के दौरान त्वरित सेवा मिलने का उदाहरण जगतपुरा जोन में सामने आया। करीम नगर के स्थानीय निवासी श्री जबउद्दीन खान ने अपने मकान का नाम हस्तांतरण कराने के लिए आवश्यक दस्तावेजों के साथ आवेदन जमा कराया। आवेदन जमा करने के कुछ ही समय बाद नगर निगम प्रशासन ने उनके मकान का नाम हस्तांतरण पत्र तैयार कर उन्हें प्रदान कर दिया।
श्री जहबुद्दीन खान ने बताया कि इस कार्य में उन्हें नगर निगम प्रशासन का पूरा सहयोग मिला और किसी प्रकार की परेशानी नहीं हुई। उनका काम त्वरित गति से पूरा होने पर उन्होंने नगर निगम प्रशासन और राज्य सरकार के प्रति तहे दिल से आभार व्यक्त करते हुए धन्यवाद दिया।
जगतपुरा एवं झालाना जोन में आयोजित शिविरों में तत्काल राहत के तहत जन्म-मृत्यु एवं विवाह पंजीयन के 59 आवेदनों पर प्रमाण पत्र जारी किए गए। जनआधार से संबंधित 50 प्रकरणों का निस्तारण किया गया, जबकि नाम हस्तांतरण के एक प्रकरण का भी निस्तारण हुआ।
सेवा सेतु अभियान-2026 के तहत निर्धारित शिविरों के माध्यम से नागरिकों को नगर निगम की विभिन्न सेवाएं उपलब्ध कराने, दस्तावेजों से जुड़े कार्यों का निस्तारण करने और जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ दिलाने की प्रक्रिया 16 अक्टूबर तक जारी रहेगी।