जयपुर: गरबा पंडाल में महिलाओं पर अभद्र टिप्पणी करने वाला युवक गिरफ्तार
विद्याधर नगर स्टेडियम में आयोजित गरबा कार्यक्रम के दौरान कालिका पेट्रोलिंग यूनिट ने शराब के नशे में हंगामा करने वाले 18 वर्षीय आरोपी को पकड़ा।
तस्वीर में कालिका पेट्रोलिंग यूनिट की महिला पुलिसकर्मी जयपुर के विद्याधर नगर स्टेडियम में आयोजित गरबा कार्यक्रम के दौरान सुरक्षा व्यवस्था संभालते हुए नजर आ रही हैं।
जयपुर में नवरात्र के दौरान महिलाओं और बालिकाओं की सुरक्षा के लिए चलाए जा रहे शक्ति सुरक्षा अभियान के बीच गरबा कार्यक्रम में महिलाओं पर अभद्र टिप्पणी करने और समझाइश के बाद हंगामा करने वाले 18 वर्षीय युवक को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। विद्याधर नगर स्टेडियम में आयोजित गरबा कार्यक्रम के दौरान कालिका पेट्रोलिंग यूनिट की सादा वस्त्रों में तैनात टीम ने युवक की गतिविधियों पर नजर रखी। ब्रेथ एनालाइजर से जांच में उसके शराब का सेवन किए होने की पुष्टि हुई।
नवरात्र के दौरान गरबा एवं डांडिया कार्यक्रमों में महिलाओं और बालिकाओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए राजस्थान पुलिस विशेष सतर्कता बरत रही है। महानिदेशक पुलिस के निर्देशों के अनुरूप अतिरिक्त महानिदेशक पुलिस श्रीमती लता मनोज कुमार के मार्गदर्शन में सार्वजनिक आयोजनों में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने और असामाजिक तत्वों के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई के प्रयास किए जा रहे हैं।
प्रमुख गरबा एवं डांडिया कार्यक्रम स्थलों को चिह्नित कर विशेष निगरानी रखी जा रही है। आयोजन स्थलों, प्रवेश एवं निकास द्वारों, पार्किंग स्थलों और आवागमन के मार्गों पर कालिका पेट्रोलिंग यूनिट को नीली वर्दी में तैनात किया गया है। संवेदनशील और अधिक भीड़भाड़ वाले कार्यक्रमों में सादा वस्त्रों में महिला पुलिसकर्मियों की टीमें भी निगरानी कर रही हैं। डिकॉय ऑपरेशन के माध्यम से महिलाओं एवं बालिकाओं के साथ छेड़छाड़, अभद्र व्यवहार और दुर्व्यवहार करने वाले मनचलों पर नजर रखी जा रही है।
महिलाओं पर टिप्पणी करने के बाद युवक ने किया हंगामा
पुलिस उपायुक्त (सुपरविजन अधिकारी) श्रीमती अनुष्ठा कालिया ने बताया कि विद्याधर नगर स्टेडियम, जयपुर में आयोजित गरबा कार्यक्रम में कालिका पेट्रोलिंग यूनिट की श्रीमती लक्ष्मी, शर्मिला, अनीता, राकेश और रचना सादा वस्त्रों में तैनात थीं। ड्यूटी के दौरान टीम ने देखा कि एक युवक महिला पंडाल में आने वाली लड़कियों एवं महिलाओं के पीछे कुछ दूरी पर चल रहा था और उन पर अनुचित टिप्पणियां कर रहा था।
पुलिस टीम ने युवक के पास जाकर अपना परिचय दिया और उसे समझाइश दी। इस पर युवक उग्र हो गया और जोर-जोर से बोलते हुए हंगामा करने लगा। इसके बाद टीम ने 112 पुलिस वाहन बुलाकर उसे थाने पहुंचाया। थाने में भी युवक ड्यूटी ऑफिसर के सामने धमकीपूर्ण व्यवहार करता रहा। ब्रेथ एनालाइजर से जांच करने पर उसके शराब का सेवन किए होने की पुष्टि हुई।
इन परिस्थितियों को देखते हुए ड्यूटी ऑफिसर के आदेशानुसार युवक विजय स्वामी पुत्र मुकेश स्वामी (18), निवासी जेपी कॉलोनी सेक्टर-1 शास्त्री नगर, थाना भट्टा बस्ती, जयपुर को भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता की धारा 170 (1) के तहत गिरफ्तार किया गया।
महिलाओं और बालिकाओं को सुरक्षा माध्यमों की जानकारी
पुलिस उपायुक्त (सुपरविजन अधिकारी) श्रीमती अनुष्ठा कालिया के नेतृत्व में कालिका पेट्रोलिंग यूनिट गरबा-डांडिया स्थलों पर आने वाली महिलाओं एवं बालिकाओं को महिला हेल्पलाइन 1090, राजकॉप सिटीजन एप, आपातकालीन नंबर 112 और अन्य पुलिस संपर्क माध्यमों की जानकारी देकर जागरूक करेगी।
कार्यक्रम स्थलों पर सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए महिला पीसीआर वैन 1090 तथा संबंधित थाने की चेतक और ER 112 के जाब्ते के साथ समन्वय किया जा रहा है।
निर्भया हेल्पलाइन के पांच नंबर मोबाइल में सेव करने की अपील
डीसीपी अनुष्ठा कालिया ने भीड़भाड़ वाले स्थानों पर जाने वाली सभी बालिकाओं एवं महिलाओं से अपने मोबाइल में निर्भया हेल्पलाइन के पांच नंबर 8764866090, 8764866091, 8764866092, 8764866093 और 8764866094 को "निर्भया 1, 2, 3, 4, 5" के नाम से सेव करने की अपील की है।
उन्होंने बताया कि किसी भी परेशानी या विषम परिस्थिति में इन नंबरों पर लिखित, मौखिक, ऑडियो, वीडियो या रिकॉर्डिंग भेजकर तत्काल सहायता ली जा सकती है। यह हेल्पलाइन 24 घंटे संचालित है।
जयपुर पुलिस ने स्पष्ट किया है कि महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा के लिए सार्वजनिक कार्यक्रमों में निगरानी जारी रहेगी। महिलाओं से अभद्र व्यवहार करने और शांति व्यवस्था भंग करने वालों के विरुद्ध नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।