जयपुर नगर निगम के 4 वार्डों में पुनर्मतदान सम्पन्न, कुल 69.92% मतदान दर्ज
जयपुर नगर निगम के 4 वार्डों में बुधवार को पुनर्मतदान शांतिपूर्ण सम्पन्न हुआ। पांच बूथों पर 4,372 मतदाताओं ने मतदान किया।
नगर निगम जयपुर के वार्ड संख्या 09, 18, 25 एवं 34 में बुधवार को पुनर्मतदान (फ्रेश पोल) शांतिपूर्ण रूप से सम्पन्न हुआ। चारों वार्डों के निर्धारित पांच मतदान केन्द्रों पर मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया।
जिला निर्वाचन अधिकारी संदेश नायक ने बताया कि वार्ड संख्या 09 के बूथ संख्या 111, वार्ड संख्या 18 के बूथ संख्या 235, वार्ड संख्या 25 के बूथ संख्या 343 तथा वार्ड संख्या 34 के बूथ संख्या 477 एवं 484 पर पुनर्मतदान कराया गया।
उन्होंने बताया कि वार्ड संख्या 09 में 73.22 प्रतिशत, वार्ड संख्या 18 में 72.00 प्रतिशत और वार्ड संख्या 25 में 81.63 प्रतिशत मतदान दर्ज हुआ। वहीं, वार्ड संख्या 34 में 61.24 प्रतिशत मतदान हुआ।
जिला निर्वाचन अधिकारी के अनुसार, पांचों मतदान केन्द्रों पर कुल 6,253 मतदाता थे, जिनमें से 4,372 मतदाताओं ने मतदान किया। इस प्रकार पांचों मतदान केन्द्रों पर कुल 69.92 प्रतिशत मतदान दर्ज हुआ।