जयपुर, 16 सितंबर। नगर निगम जयपुर की सतर्कता शाखा ने बुधवार को अस्थाई अतिक्रमण के खिलाफ कार्रवाई करते हुए 17 हजार रुपये का कैरिंग चार्ज वसूल किया और दो केन्टर सामान जब्त किए। यह कार्रवाई नगर निगम जयपुर आयुक्त श्री ओम कसेरा के निर्देशानुसार और पूर्व से प्राप्त शिकायतों के आधार पर उपायुक्त सतर्कता के नेतृत्व में की गई।

सतर्कता शाखा की टीम ने नगर निगम जयपुर क्षेत्राधिकार में बापु बाजार, झालाना रोड, महल रोड 7 नंबर चौराहा, जीवन रेखा चौराहा और महात्मा गांधी हॉस्पिटल से अस्थाई अतिक्रमण हटवाया। कार्रवाई के दौरान अस्थाई अतिक्रमण करने वालों का सामान दो केन्टर में जब्त कर गोदाम भिजवाया गया।

उपायुक्त सतर्कता ने बताया कि कार्रवाई के दौरान अस्थाई अतिक्रमण करने वालों से मौके पर 17 हजार रुपये का कैरिंग चार्ज वसूल किया गया। सतर्कता टीम ने दौरे के दौरान मौके पर समझाइश करते हुए संबंधित लोगों को मौखिक रूप से पाबंद किया कि भविष्य में अस्थाई अतिक्रमण समय से हटा लें।

नगर निगम जयपुर की सतर्कता शाखा ने स्पष्ट किया कि भविष्य में नगर निगम जयपुर के क्षेत्राधिकार में अवैध अतिक्रमण करने वालों के विरुद्ध भारी चालान या प्रभावी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। कार्रवाई के दौरान जब्त सामान को गोदाम भिजवाने के साथ संबंधित अतिक्रमणकारियों को दोबारा अतिक्रमण नहीं करने की हिदायत दी गई।

Tags: