नगरीय निकाय आम चुनाव-2026 के प्रथम चरण का प्रचार थमने के बाद अब 9 सितंबर को होने वाले मतदान की तैयारियां अंतिम चरण में पहुंच गई हैं। जयपुर जिले में 2 नगर परिषद एवं 16 नगरपालिकाओं के 565 बूथों पर प्रातः 7:00 बजे से सांय 6:00 बजे तक मतदान होगा। इसके लिए मतदान दलों की रवानगी 8 सितंबर 2026 को दो पारियों में प्रातः 7:00 बजे एवं प्रातः 11:00 बजे से की जाएगी।

जिला निर्वाचन अधिकारी (म्यूनिसिपल) द्वारा मतदान दलों की रवानगी, वापसी तथा संग्रहण व्यवस्था को सरल एवं सुगम बनाने के लिए निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार श्री भवानी निकेतन कॉलेज ऑफ फार्मेसी, सीकर रोड, जयपुर से मतदान दल रवाना होंगे। रवानगी स्थल पर मतदान दलों के प्रशिक्षण कक्ष, चुनाव सामग्री वितरण तथा मतदान दलों की सुरक्षा के लिए पुख्ता व्यवस्था की गई है।

प्रथम पारी में मनोहरपुर के 35 बूथ, फुलेरा के 25 बूथ, सांभर के 25 बूथ, नारायणा के 25 बूथ, किशनगढ़-रेनवाल के 35 बूथ, शाहपुरा के 71 बूथ, दूदू के 25 बूथ, चाकसू के 36 बूथ और फागी के 20 बूथों के मतदान दलों की व्यवस्था रहेगी।

द्वितीय पारी में जोबनेर के 20 बूथ, खेजरोली के 25 बूथ, जमवारामगढ़ के 35 बूथ, वाटिका के 25 बूथ, कानोता के 20 बूथ, बस्सी के 35 बूथ, बगरू के 35 बूथ, कालाडेरा के 20 बूथ और चौमूं के 53 बूथों सहित कुल 565 बूथों के मतदान दलों की व्यवस्था रहेगी।

निर्धारित स्थल पर मतदान दलों के बैठने, प्रशिक्षण और चुनाव सामग्री प्राप्त करने के लिए अलग-अलग व्यवस्था की गई है। चुनाव सामग्री वितरण के लिए संबंधित प्रकोष्ठों एवं ईआरओ/आरओ स्टाफ की तैनाती की गई है। मतदान दलों को निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार आवश्यक चुनाव सामग्री उपलब्ध कराई जाएगी। सामग्री प्राप्त करने के बाद दलों को संबंधित मतदान केन्द्रों के लिए रवाना किया जाएगा।

जिला निर्वाचन अधिकारी (म्यूनिसिपल) संदेश नायक ने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि मतदान दलों की रवानगी के दौरान प्रशिक्षण, चुनाव सामग्री वितरण, वाहन व्यवस्था एवं अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं समयबद्ध रूप से सुनिश्चित की जाएं, ताकि 9 सितंबर को होने वाला प्रथम चरण का मतदान निष्पक्ष, स्वतंत्र, सुचारू एवं व्यवस्थित रूप से सम्पन्न हो सके।

18 नगरीय निकायों के वार्डों में संवेदनशील एवं क्रिटिकल मतदान केन्द्रों का चिन्हीकरण भी किया गया है। जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि 18 नगर निकायों में 152 क्रिटिकल मतदान केन्द्र चिन्हित किए गए हैं। इनमें नगर परिषद चौमूं में 23, नगर पालिका कालाडेरा में 5, खेजरोली में 8, शाहपुरा में 20, मनोहरपुर में 8, सांभर लेक में 5, फुलेरा में 5, नारायणा में 7, जोबनेर में 5, किशनगढ़-रेनवाल में 8, वाटिका में 8, बगरू में 7, दूदू में 5, फागी में 6, जमवारामगढ़ में 7, चाकसू में 13, बस्सी में 4 तथा कानोता में 8 क्रिटिकल मतदान केन्द्र चिन्हित किए गए हैं।

इस व्यवस्था के साथ जयपुर जिले में नगरीय निकाय आम चुनाव-2026 के प्रथम चरण के लिए मतदान दलों की रवानगी और मतदान केन्द्रों पर आवश्यक तैयारियों को अंतिम रूप दिया जा रहा है।

Tags: