तस्वीर में जयपुर के मालवीय नगर में झाड़ू लिए सफाईकर्मी खड़े हैं।

मानसून के बाद जयपुर शहर को स्वच्छ, सुंदर एवं स्वस्थ बनाने के संकल्प के साथ नगर निगम जयपुर का विशेष महास्वच्छता अभियान युद्धस्तर पर जारी है। नगर निगम आयुक्त श्री ओम कसेरा की पहल पर ‘स्वच्छ जयपुर-स्वस्थ जयपुर’ की थीम पर चल रहे विशेष स्वच्छता अभियान के छठे चरण के तहत सोमवार को मालवीय नगर, जगतपुरा एवं झालाना जोन के हर वार्ड, गली और मोहल्ले में सघन सफाई अभियान चलाया गया। इस दौरान 1500 से अधिक स्वच्छता योद्धाओं ने स्वच्छता की कमान संभाली और एक ही दिन में 500 टन कचरे का निस्तारण किया गया।

अभियान का शुभारंभ सोमवार सुबह 7.00 बजे अतिरिक्त आयुक्त श्री नरेन्द्र कुमार बंसल ने राजस्थान इंटरनेशनल सेंटर से स्वच्छता वाहनों को हरी झंडी दिखाकर किया। इस अवसर पर उपायुक्त स्वास्थ्य श्री ओम थानवी, उपायुक्त जगतपुरा/झालाना श्रीमती अर्पणा शर्मा, मालवीय नगर जोन उपायुक्त श्री मुकुट सिंह सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

नगर निगम आयुक्त श्री ओम कसेरा ने बताया कि मानसून के बाद शहर की स्वच्छता व्यवस्था को और अधिक मजबूत करने तथा ‘स्वच्छ जयपुर-स्वस्थ जयपुर’ की परिकल्पना को साकार करने के उद्देश्य से 8 सितम्बर तक 7 चरणों में विभिन्न जोन में यह अभियान चलाया जा रहा है। अभियान में आधुनिक मशीनरी और संसाधनों का प्रभावी उपयोग किया जा रहा है, जिससे कम समय में प्रभावी सफाई सुनिश्चित की जा सके।

आयुक्त श्री ओम कसेरा ने आमजन से शहर को स्वच्छ रखने में योगदान देने की अपील की। उन्होंने कहा कि प्रत्येक नागरिक जागरूक नागरिक का कर्तव्य निभाए, खुले में कचरा न फेंके और घर पर आने वाले हूपर में ही कचरा डाले।

सोमवार को मालवीय नगर, जगतपुरा एवं झालाना जोन क्षेत्र में स्वच्छता योद्धाओं और मशीनरी की संयुक्त टीमों ने विभिन्न स्थानों पर जमा कचरा, गंदगी और मलबा हटाया। जगह-जगह बने ओपन कचरा डिपो को जेसीबी एवं डम्पर की सहायता से हटाया गया। जलभराव एवं जलनिकासी वाले स्थानों पर सुपर सकर सहित अन्य संसाधनों का भी उपयोग किया गया।

अभियान के अगले चरण में मंगलवार को सांगानेर जोन में महास्वच्छता अभियान आयोजित किया जाएगा। अतिरिक्त आयुक्त श्री नरेन्द्र कुमार बंसल ने बताया कि मंगलवार को प्रातः 7.00 बजे से दोपहर 3.00 बजे तक सांगानेर जोन में स्वच्छता अभियान चलाया जाएगा।

Tags: