उदयपुर में पर्यटक की कार से लाइसेंसी पिस्टल, दो मैगजीन और 20 जिंदा कारतूस चोरी करने के मामले में सूरजपोल थाना पुलिस ने आरोपी टैक्सी चालक को गिरफ्तार किया है। आरोपी ने होटल की पार्किंग में कार को साइड में लगाने के बहाने उसकी चाबी हासिल की और डैशबोर्ड में रखे हथियार व कारतूस लेकर फरार हो गया। पुलिस ने 100 से अधिक सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालकर आरोपी को बलीचा क्षेत्र से पकड़ा। उसके कब्जे से चोरी की गई पिस्टल, दोनों मैगजीन और सभी 20 जिंदा कारतूस बरामद कर लिए गए हैं।

जिला पुलिस अधीक्षक उदयपुर डॉ. अमृता दुहन के निर्देशन में पर्यटकों की सुरक्षा और अपराधियों की धरपकड़ के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत यह कार्रवाई की गई। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शहर उमेश ओझा एवं वृत्ताधिकारी नगर पूर्व छवि शर्मा के सुपरविजन में थानाधिकारी सूरजपोल कमलेन्द्र सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने मामले का अनुसंधान करते हुए आरोपी तक पहुंच बनाई।

प्रकरण के अनुसार, सोनीपत (हरियाणा) निवासी पर्यटक ओमप्रकाश चौधरी पुत्र भीमसिंह चौधरी उदयपुर घूमने आए थे। इस दौरान वह भटियानी चौहट्टा स्थित होटल मनोर में ठहरे हुए थे। होटल की पार्किंग में खड़ी उनकी कार के डैशबोर्ड में लाइसेंसी पिस्टल, दो मैगजीन और 20 जिंदा कारतूस रखे हुए थे। अज्ञात व्यक्ति ने कार से यह हथियार और कारतूस चोरी कर लिए। घटना के संबंध में 13 नवम्बर 2026 को थाना सूरजपोल में प्रकरण दर्ज कराया गया, जिसके बाद पुलिस ने जांच शुरू की।

वारदात की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने विशेष टीम गठित की। टीम ने घटनास्थल और आसपास के क्षेत्रों में लगे 100 से अधिक सीसीटीवी कैमरों की फुटेज का विश्लेषण किया। इसके अलावा गाइड्स, होटल कर्मचारियों और टैक्सी चालकों से पूछताछ की गई। तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर तंत्र से मिली जानकारी के आधार पर पुलिस ने मंगलवार 17 नवम्बर को बलीचा क्षेत्र में दबिश देकर जयप्रताप सिंह को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी की लाइसेंसी पिस्टल, दो मैगजीन और 20 जिंदा कारतूस बरामद किए। उसके खिलाफ चोरी के साथ आर्म्स एक्ट के तहत भी कार्रवाई की गई है।

प्रारंभिक पूछताछ में सामने आया कि आरोपी पेशे से टैक्सी चालक है और 12 नवम्बर 2026 को सूरत (गुजरात) से पर्यटकों को लेकर उदयपुर आया था। इसी दौरान होटल मनोर की पार्किंग में खड़ी परिवादी की कार को साइड में लगाने के बहाने उसने कार की चाबी ली। इसके बाद डैशबोर्ड में रखी लाइसेंसी पिस्टल, दोनों मैगजीन और 20 कारतूस चोरी कर लिए। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी उदयपुर से फरार हो गया था।

गिरफ्तार आरोपी की पहचान जयप्रताप सिंह पुत्र मनोज सिंह, निवासी धनपुर, थाना फतनपुर, जिला प्रतापगढ़, उत्तर प्रदेश के रूप में हुई है।

इस कार्रवाई में थानाधिकारी कमलेन्द्र सिंह, सहायक उप निरीक्षक चन्द्रभान सिंह, शरीफ खान, कांस्टेबल भावेश गुर्जर एवं कृष्णपाल सिंह शामिल रहे। पुलिस के अनुसार, कार्रवाई में सहायक उप निरीक्षक चन्द्रभान सिंह और कांस्टेबल भावेश गुर्जर की विशेष भूमिका रही। पुलिस ने चोरी की गई लाइसेंसी पिस्टल, दोनों मैगजीन और 20 जिंदा कारतूस बरामद कर मामले में अहम बरामदगी की है।

Tags: