जयपुर के अमरापुर स्थान में गोपाष्टमी पर संतों के साथ गौ पूजन करते श्रद्धालु।

जयपुर की धार्मिक नगरी श्री अमरापुर स्थान में गोपाष्टमी महोत्सव श्रद्धा और भक्ति के साथ मनाया गया। इस अवसर पर सतगुरु स्वामी भगत प्रकाश जी महाराज के सानिध्य में धार्मिक कार्यक्रमों के साथ गौ सेवा, गौ पूजन और विशाल भंडारे का आयोजन हुआ। मानसरोवर मांगियावास स्थित सतगुरु टेऊँराम गोशाला में आयोजित कार्यक्रम में लगभग 5000 से अधिक श्रद्धालुओं ने संत-महात्माओं की उपस्थिति में गौ माता का पूजन कर आरती की। कार्यक्रम में विधानसभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी ने भी शिरकत की और गौ माता की पूजा कर गुरु महाराज से आशीर्वाद प्राप्त किया।

कार्तिक मास में गोपाष्टमी के पावन अवसर पर श्री अमरापुर स्थान जयपुर में आयोजित महोत्सव की शुरुआत सुबह 6 बजे मंगला दर्शन के साथ हुई। इसके बाद सुबह 6 से 7 बजे तक प्रभात फेरी एवं हरिनाम संकीर्तन यात्रा निकाली गई। सुबह 7 से 8 बजे तक नित्य नियम प्रार्थना हुई। संत-महात्माओं ने भजन-कीर्तन प्रस्तुत किए। इसके बाद हाजरा हजूर सतगुरु स्वामी भगत प्रकाश जी महाराज के सानिध्य में श्रद्धालुओं ने सत्संग का श्रवण किया।

प्रवचन में स्वामी भगत प्रकाश जी महाराज ने कहा कि मनुष्य देह का सबसे उत्तम कार्य हरि नाम का सुमिरन करना है, न कि इसे भोग-विलास में नष्ट करना। एक बार मनुष्य देह प्राप्त होने के बाद यदि यह अवसर चला जाता है तो हजारों-करोड़ों वर्षों तक भी इसे दोबारा प्राप्त करना संभव नहीं है। गोपाष्टमी के अवसर पर श्री प्रेम प्रकाश ग्रंथ की भजनावली में रचित भजनों का गायन भी किया गया।

गौ माता की महिमा बताते हुए गुरु महाराज ने कहा कि सनातन धर्म में गाय को माता के समान पूजनीय माना गया है। सनातन परंपरा में गाय, गीता और गंगा का विशेष महत्व है। गौ माता की पूजा से धर्म, अर्थ, काम और मोक्ष चारों पदार्थों की प्राप्ति होती है। उन्होंने बताया कि गौ माता में 33 कोटि देवी-देवताओं का वास माना गया है। तन-मन से गौ माता की सेवा करने से 33 कोटि देवी-देवताओं की उपासना के समान फल प्राप्त होता है। गोपाष्टमी के दिन भगवान श्रीकृष्ण ने माता यशोदा से आज्ञा लेकर गौ सेवा और गौ चरण की सेवा प्रारंभ की थी।

सत्संग एवं प्रवचन के बाद सतगुरु महाराज और संत मंडल के साथ बड़ी संख्या में प्रेमियों ने सामूहिक रूप से गौ पूजन किया तथा गौदान किया।

श्री अमरापुर स्थान द्वारा संचालित मानसरोवर के मांगियावास स्थित सतगुरु टेऊँराम गोशाला में गोपाष्टमी पर विशाल कार्यक्रम आयोजित किया गया। पूज्य संत श्री मोहन प्रकाश जी महाराज ने बताया कि गोशाला में सत्संग, प्रवचन और गौ पूजन के साथ विशाल आम भंडारे का आयोजन किया गया। इसमें लगभग 5000 से अधिक भक्तों ने संत-महात्माओं के सानिध्य में गौ माता का पूजन कर आरती की। हाजरा हजूर सतगुरु स्वामी भगत प्रकाश जी महाराज के सत्संग और प्रवचन के बाद श्रद्धालुओं के लिए विशाल भंडारा आयोजित किया गया।

कार्यक्रम में विधानसभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी ने गौ माता का पूजन किया और गुरु महाराज से आशीर्वाद लिया। मंच से अपने संबोधन में देवनानी ने कहा कि श्री प्रेम प्रकाश मंडल और श्री अमरापुर स्थान केवल धार्मिक गतिविधियों तक सीमित नहीं हैं, बल्कि सामाजिक क्षेत्र में भी उल्लेखनीय सेवा कार्य कर रहे हैं। गौ सेवा, अस्पताल सेवा, अन्न एवं भोजन सेवा और मोक्ष वाहन सेवा जैसे पुनीत कार्यों में मंडल सदैव अग्रणी रहा है।

गोपाष्टमी महोत्सव के दौरान स्वामी मनोहर लाल जी, संत हरिओम लाल जी, संत मोनूराम जी, संत मोहन लाल जी, संत कमल, संत डालु राम, पंडित जितेन्द्र दाधीच वेदाचार्य जी, पंडित विजेंद्र शर्मा जी, पंडित इंदर शर्मा के सुपुत्र, भगत हरिदास राम जी और भगत माणिक लाल सहित अन्य संतों एवं श्रद्धालुओं ने गौ माता और गोपाष्टमी की महिमा का गुणगान किया।

श्री अमरापुर स्थान जयपुर में आयोजित इस महोत्सव में धार्मिक अनुष्ठानों, हरिनाम संकीर्तन, सत्संग, गौ पूजन, गौदान और विशाल भंडारे के माध्यम से गौ सेवा एवं सामाजिक सेवा का संदेश दिया गया।

Tags: