जयपुर में महास्वच्छता अभियान का तीसरा चरण तेज, एक दिन में 1406 टन कचरा साफ
जयपुर में महास्वच्छता अभियान के तीसरे चरण में मुरलीपुरा और विद्याधर नगर जोन से एक दिन में 1406 टन कचरा हटाया गया। 2500 से अधिक स्वच्छता योद्धाओं और दर्जनों संसाधनों से शहर में सफाई अभियान चला।
तस्वीर में अतिरिक्त आयुक्त नरेन्द्र कुमार बंसल जयपुर में स्वच्छता वाहनों को हरी झंडी दिखाते नजर आ रहे हैं, जिनके साथ अधिकारी और स्वच्छता योद्धा मौजूद हैं।
जयपुर, 01 सितम्बर। मानसून के बाद जयपुर शहर को स्वच्छ, सुन्दर एवं स्वस्थ बनाने के संकल्प के साथ नगर निगम जयपुर का विशेष महास्वच्छता अभियान युद्धस्तर पर जारी है। स्वच्छ जयपुर-स्वस्थ जयपुर की थीम पर चल रहे अभियान के तीसरे चरण में मंगलवार को मुरलीपुरा एवं विद्याधर नगर जोन के हर वार्ड, गली और मोहल्ले में सघन सफाई अभियान चलाया गया। एक ही दिन में दोनों जोनों से 1406 टन कचरे का निस्तारण किया गया, जबकि तीन चरणों में अब तक 4500 टन से अधिक कचरा हटाया जा चुका है।
अभियान का शुभारंभ सुबह 7.00 बजे अतिरिक्त आयुक्त श्री नरेन्द्र कुमार बंसल ने स्वच्छता वाहनों को हरी झण्डी दिखाकर किया। इस दौरान उपायुक्त स्वास्थ्य श्री ओम थानवी, उपायुक्त मुरलीपुरा जोन सुश्री श्रद्धा सिंह, उपायुक्त विद्याधर नगर जोन श्री भगवान सिंह सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
नगर निगम आयुक्त श्री ओम कसेरा ने बताया कि मानसून के बाद शहर की स्वच्छता व्यवस्था को और अधिक मजबूत करने तथा स्वच्छ जयपुर-स्वस्थ जयपुर की परिकल्पना को साकार करने के उद्देश्य से 7 सितम्बर तक 6 चरणों में विभिन्न जोनों में यह अभियान चलाया जा रहा है। अभियान में आधुनिक मशीनरी और संसाधनों का प्रभावी उपयोग किया जा रहा है, जिससे कम समय में प्रभावी सफाई सुनिश्चित हो सके। उन्होंने आमजन से शहर को स्वच्छ रखने में योगदान देने, जागरूक नागरिक का कर्तव्य निभाने, खुले में कचरा नहीं फेंकने और घर पर आने वाले हूपर में ही कचरा डालने की अपील की।
मंगलवार को मुरलीपुरा एवं विद्याधर नगर जोन क्षेत्र में स्वच्छता योद्धाओं और मशीनरी की संयुक्त टीमों ने विभिन्न स्थानों पर जमा कचरा, गंदगी और मलबा हटाया। जगह-जगह बने ओपन कचरा डिपो को जेसीबी एवं डम्पर की सहायता से हटाया गया। जलभराव एवं जलनिकासी वाले स्थानों पर Super Sucker सहित अन्य संसाधनों का भी उपयोग किया गया।
अभियान में महिला स्वच्छता योद्धाओं ने भी भागीदारी निभाई। करीब 150 से अधिक महिला स्वच्छता योद्धाओं ने उत्साह के साथ शहर को स्वच्छ करने की कमान संभाली। विद्याधर नगर जोन में लगभग 680 टन कचरा तथा मुरलीपुरा जोन क्षेत्र में लगभग 726 टन से अधिक कचरा हटाकर शहर को स्वच्छ एवं निखारने का कार्य किया गया।
इससे पहले 25 अगस्त को प्रथम चरण में मानसरोवर एवं सांगानेर से लगभग 1440 टन कचरा नगर निगम की टीमों ने साफ किया था। वहीं 27 अगस्त को दूसरे चरण के तहत किशनपोल एवं हवामहल जोन क्षेत्र से लगभग 1676 टन कचरा हटाया गया। इसके साथ ही मौसमी बीमारियों से बचाव के लिए फॉगिंग मशीनों से कीटनाशक छिड़काव भी किया गया।
अभियान में 2500 से अधिक स्वच्छता योद्धाओं को लगाया गया। शहर की सफाई के लिए करीब 5 दर्जन से अधिक संसाधनों को मैदान में उतारा गया, जिनमें 16 जेसीबी, 22 डम्पर, 21 ट्रैक्टर-ट्रॉली, 4 लिटर पीकर मशीन, 4 फॉगिंग मशीन, 4 लेवलर, 11 हूपर और 1 रोड स्वीपर शामिल रहे। इन संसाधनों के जरिए सफाई अभियान को व्यापक स्तर पर संचालित किया गया।
स्वच्छता अभियान के साथ अनधिकृत होर्डिंग और बैनर के खिलाफ भी कार्रवाई जारी रही। नगर निगम की होर्डिंग टीमों ने आचार संहिता की प्रभावी पालना सुनिश्चित करने के लिए अब तक 6500 बड़े होर्डिंग-बैनर, 10 हजार पोस्टर-बैनर तथा 50 गेट्री हटाई जा चुकी हैं।
अतिरिक्त आयुक्त श्री नरेन्द्र कुमार बंसल ने बताया कि महास्वच्छता अभियान का अगला चरण 3 सितम्बर को झोटवाड़ा एवं वैशाली नगर जोन, 5 सितम्बर को सिविल लाइन एवं आदर्श नगर जोन तथा 7 सितम्बर को जगतपुरा, झालाना एवं मालवीय नगर जोन में चलाया जाएगा। इन सभी क्षेत्रों में सुबह 7.00 बजे से दोपहर 3.00 बजे तक स्वच्छता अभियान संचालित किया जाएगा। तीन चरणों में 4500 टन से अधिक कचरे के निस्तारण के बाद अब अभियान अगले जोनों तक पहुंचने के लिए तैयार है।