झालावाड़ में 13 वर्षीय बालक की मौत का खुलासा, शव छिपाकर साक्ष्य मिटाने वाला मामा गिरफ्तार

झालावाड़ के बकानी थाना क्षेत्र में 13 वर्षीय बालक की मौत के मामले का पुलिस ने खुलासा किया। जांच में सामने आया कि अवैध रूप से करंट लगाकर मछली पकड़ने के दौरान हादसा हुआ, जिसके बाद आरोपी ने शव छिपाकर साक्ष्य मिटाने की कोशिश की। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।

Update: 2026-08-04 06:28 GMT

झालावाड़ जिले की बकानी थाना पुलिस ने 13 वर्षीय बालक की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत के मामले का खुलासा करते हुए शव छिपाने और साक्ष्य मिटाने के आरोप में एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, अवैध रूप से करंट लगाकर मछली पकड़ने के दौरान बालक की मौत हो गई थी, जिसके बाद आरोपी ने अपराध छिपाने के उद्देश्य से शव को नाले में छिपाकर उस पर नमक डाल दिया।

जिला पुलिस अधीक्षक अमित कुमार ने बताया कि घटना की गंभीरता को देखते हुए अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक भागचंद मीणा, वृत्ताधिकारी हर्षराज सिंह खरेड़ा के निर्देशन तथा बकानी थानाधिकारी हरि सिंह मीणा के नेतृत्व में विशेष टीमों का गठन कर कार्रवाई के निर्देश दिए गए थे।

पुलिस के अनुसार, गत 31 जुलाई को फरियादी मांगीलाल भील निवासी बड़ाय, बकानी ने थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि उनका 13 वर्षीय पोता 30 जुलाई की सुबह स्कूल जाने की कहकर घर से निकला था, लेकिन वापस नहीं लौटा। इस पर बकानी थाने में प्रकरण दर्ज कर बालक की तलाश और अनुसंधान शुरू किया गया।

पुलिस अनुसंधान, गवाहों के बयानों और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर सामने आया कि आरोपी मुकेश भील पुत्र कैलाश चंद (27) निवासी बड़ाय और मृतक बालक रिश्ते में मामा-भांजा थे। 30 जुलाई को आरोपी मुकेश बालक को बहला-फुसलाकर अपनी मोटरसाइकिल पर ग्राम कोटड़ा घट्टा ले गया, जहां वह नाले के पास स्थित ट्रांसफार्मर से अवैध रूप से तार जोड़कर करंट के जरिए मछली पकड़ रहा था।

इसी दौरान आरोपी ने बिना किसी सुरक्षा उपकरण के बालक के हाथ में कटा हुआ विद्युत तार पकड़ा दिया, जिससे तेज करंट लगने से उसकी मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई।

घटना के बाद आरोपी मुकेश ने अपराध छिपाने की नीयत से बालक के शव को घटनास्थल से करीब 150 मीटर दूर नाले में फेंक दिया। इसके बाद उसने शव को पत्तों और मिट्टी से ढक दिया तथा उसे जल्द गलाने के उद्देश्य से उस पर नमक की थैलियां लाकर डाल दीं।

पुलिस ने जांच के दौरान साक्ष्यों और अन्य कड़ियों को जोड़ते हुए आरोपी की भूमिका प्रमाणित पाए जाने पर उसे गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार, आरोपी के खिलाफ पूर्व में भी चोरी का एक मामला दर्ज है। इस कार्रवाई के साथ बकानी थाना पुलिस ने 13 वर्षीय बालक की मौत के मामले का खुलासा करते हुए साक्ष्य मिटाने के आरोप में आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।

Tags:    

Similar News