दीन दयाल स्पर्श योजना 2026-27: कक्षा 6 से 9 के विद्यार्थियों के लिए ₹6,000 वार्षिक छात्रवृत्ति हेतु आवेदन शुरू
दीन दयाल स्पर्श योजना 2026-27 के तहत कक्षा 6 से 9 के पात्र विद्यार्थियों को ₹6,000 वार्षिक छात्रवृत्ति मिलेगी। आवेदन की अंतिम तिथि 15 सितंबर 2026 है।
भारतीय डाक विभाग ने स्कूली विद्यार्थियों में डाक टिकट संग्रह (फिलाटेली) के प्रति रुचि विकसित करने और इस शौक को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से दीन दयाल स्पर्श योजना (Deen Dayal SPARSH Yojana) के तहत शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए आवेदन आमंत्रित किए हैं।
योजना के अंतर्गत मान्यता प्राप्त विद्यालयों में अध्ययनरत कक्षा 6 से 9 के नियमित एवं पात्र विद्यार्थियों का चयन किया जाएगा। चयनित विद्यार्थियों को ₹6,000 प्रतिवर्ष की छात्रवृत्ति प्रदान की जाएगी, जो ₹500 प्रति माह के हिसाब से दी जाएगी। यह छात्रवृत्ति उन विद्यार्थियों को मिलेगी जो डाक टिकट संग्रह के प्रति रुचि रखते हैं तथा योजना की निर्धारित पात्रता शर्तों को पूरा करते हैं।
भारतीय डाक विभाग ने इच्छुक विद्यार्थियों और अभिभावकों से योजना से संबंधित विस्तृत जानकारी अपने निकटतम डाकघर अथवा भारतीय डाक विभाग की आधिकारिक वेबसाइट www.indiapost.gov.in से प्राप्त करने की अपील की है।
योजना के लिए आवेदन जमा करने की अंतिम तिथि 15 सितंबर 2026 निर्धारित की गई है। सहायक पोस्टमास्टर जनरल (फिलाटेली), कार्यालय मुख्य पोस्टमास्टर जनरल, राजस्थान परिमंडल, जयपुर की ओर से पात्र विद्यार्थियों से निर्धारित समय सीमा के भीतर आवेदन करने का आग्रह किया गया है।