अजमेर-मदार रेलखंड पर ग्रिडर लॉन्चिंग कार्य से 9-10 अगस्त को रेल यातायात प्रभावित
अजमेर-मदार रेलखंड पर ग्रिडर लॉन्चिंग कार्य के कारण 9-10 अगस्त को कई ट्रेनें रद्द, परिवर्तित और आंशिक रूप से संचालित रहेंगी।
उत्तर पश्चिम रेलवे के अजमेर मंडल के अजमेर-मदार रेलखंड के मध्य समपार फाटक संख्या 44 पर ग्रिडर लॉन्चिंग कार्य के कारण 9 और 10 अगस्त 2026 को रेल यातायात प्रभावित रहेगा। इस कार्य के लिए रेलवे की ओर से ब्लॉक लिया जा रहा है, जिसके चलते कई रेल सेवाओं को रद्द, परिवर्तित मार्ग से संचालित और आंशिक रूप से रद्द किया जाएगा।
उत्तर पश्चिम रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी श्री अमित सुदर्शन के अनुसार, ग्रिडर लॉन्चिंग कार्य के कारण अजमेर मंडल की कुछ रेल सेवाओं में बदलाव किया गया है।
गाड़ी संख्या 59603 अजमेर-पुष्कर रेल सेवा 09 एवं 10 अगस्त 2026 को रद्द रहेगी। इसी प्रकार गाड़ी संख्या 59604 पुष्कर-अजमेर रेल सेवा भी 09 एवं 10 अगस्त 2026 को रद्द रहेगी।
इसके अलावा कुछ रेल सेवाओं का मार्ग परिवर्तित किया गया है। गाड़ी संख्या 19735 जयपुर-मारवाड़ रेल सेवा, जो 9 एवं 10 अगस्त 2026 को जयपुर से प्रस्थान करेगी, वह परिवर्तित मार्ग मदार-दौराई बाईपास लाइन होते हुए संचालित होगी। मार्ग परिवर्तन के कारण यह रेल सेवा अजमेर स्टेशन पर ठहराव नहीं करेगी।
गाड़ी संख्या 19610 योग नगरी ऋषिकेश-उदयपुर सिटी रेल सेवा, जो 9 अगस्त 2026 को योग नगरी से प्रस्थान करेगी, वह परिवर्तित मार्ग मदार-आदर्श नगर बाईपास लाइन होते हुए संचालित होगी। मार्ग परिवर्तन के कारण यह रेल सेवा अजमेर स्टेशन पर ठहराव नहीं करेगी। परिवर्तित मार्ग में यह रेल सेवा मदार जंक्शन एवं आदर्श नगर स्टेशन पर 2 मिनट का ठहराव करेगी।
रेलवे ने कुछ सेवाओं को आंशिक रूप से रद्द करने का भी निर्णय लिया है। गाड़ी संख्या 12984 चंडीगढ़-अजमेर रेल सेवा, जो 8 अगस्त 2026 को चंडीगढ़ से प्रस्थान करेगी, वह मदार तक ही संचालित होगी। इसके चलते मदार-अजमेर के मध्य यह रेल सेवा आंशिक रूप से रद्द रहेगी।
इसी तरह गाड़ी संख्या 19614 अमृतसर-अजमेर रेल सेवा, जो 9 अगस्त 2026 को अमृतसर से प्रस्थान करेगी, वह भी मदार तक ही संचालित होगी। इस कारण मदार-अजमेर के मध्य यह रेल सेवा आंशिक रूप से रद्द रहेगी।
अजमेर-मदार रेलखंड पर होने वाले ग्रिडर लॉन्चिंग कार्य के चलते रेलवे ने यात्रियों की सुविधा और परिचालन व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए यह बदलाव लागू किए हैं।