जयपुर के गोविंद भवन में स्वागत समारोह के दौरान गुलदस्ता स्वीकार करते भाजपा राष्ट्रीय मंत्री जयप्रकाश।

जयपुर। भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय मंत्री एवं दिल्ली के पूर्व महापौर जयप्रकाश जी (जेपी भाई छाबड़ी) के जयपुर आगमन पर टोंक रोड स्थित गोविंद भवन में स्नेहिल मिलन समारोह आयोजित किया गया। राष्ट्रीय मंत्री का दायित्व संभालने के बाद यह उनका पहला जयपुर दौरा था। इस अवसर पर राजस्थान विश्वविद्यालय के पूर्व छात्र नेता एवं सामाजिक कार्यकर्ता कुलदीप सिंह बैंसला के नेतृत्व में जयपुर शहर के विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे प्रबुद्धजनों ने उनका स्वागत और अभिनंदन किया।

समारोह में जयप्रकाश जी के साथ दिल्ली से भाजपा नेता दीपक त्यागी और अरविंद गर्ग भी जयपुर पहुंचे। तीनों अतिथियों का उपस्थित गणमान्य नागरिकों और युवा साथियों ने स्वागत किया।

चाय-पकोड़ी के साथ आयोजित इस मिलन समारोह में सामाजिक, राजनीतिक और समसामयिक विषयों पर चर्चा हुई। उपस्थित लोगों ने अपने अनुभव साझा किए तथा नए विचारों और सामाजिक सरोकारों से जुड़े मुद्दों पर विचार-विमर्श किया। इस दौरान हंसी-मजाक और आपसी संवाद के बीच सभी ने एक-दूसरे के साथ समय बिताया।

कार्यक्रम के संयोजक कुलदीप सिंह बैंसला ने कहा कि जेपी भाई का जयपुर आगमन सभी के लिए प्रसन्नता और गौरव का विषय है। उनका राजनीतिक और संगठनात्मक अनुभव समाज के साथ युवा पीढ़ी के लिए भी प्रेरणादायी है। राष्ट्रीय स्तर पर संगठन में नई जिम्मेदारी मिलने के बाद उनका पहला जयपुर दौरा विशेष महत्व रखता है।

उल्लेखनीय है कि कुलदीप सिंह बैंसला राजस्थान विश्वविद्यालय के पूर्व छात्र नेता रहे हैं। वर्तमान में वे विभिन्न सामाजिक संस्थाओं से जुड़कर सामाजिक गतिविधियों और जनसेवा के कार्यों में सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं। युवा वर्ग के बीच उनकी अच्छी पकड़ और लोकप्रियता है। वे युवाओं के बीच सक्रिय, सहज, मिलनसार और सामाजिक सरोकारों के प्रति समर्पित व्यक्तित्व के रूप में पहचान रखते हैं।

समारोह में जयपुर शहर के विभिन्न क्षेत्रों से जुड़े सामाजिक कार्यकर्ताओं, अधिवक्ताओं, चिकित्सकों, मीडिया प्रतिनिधियों, राजनीतिक व्यक्तियों और प्रबुद्ध नागरिकों सहित बड़ी संख्या में युवाओं ने भाग लिया।

यह आयोजन आपसी संवाद, सामाजिक समरसता और संगठनात्मक संबंधों को मजबूत करने के साथ विभिन्न क्षेत्रों में सक्रिय व्यक्तित्वों के बीच आत्मीय संपर्क स्थापित करने का अवसर बना।

Tags: