मकर संक्रांति से पहले 9 लाख रुपये के मांझे की जब्ती के बाद पुलिस टीम ने कार्रवाई पूरी की.

मकर संक्रांति से पहले सीकर में प्रतिबंधित चाइनीज मांझे के अवैध कारोबार का बड़ा खुलासा हुआ है। जिला पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 1500 चरखी चाइनीज मांझा जब्त किया है, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 9 लाख रुपये बताई गई है। 25 कार्टूनों में भरकर ट्रांसपोर्ट के जरिए लाए गए इस मांझे की शहर के विभिन्न इलाकों में आपूर्ति कर बिक्री की योजना थी। पुलिस की समय रहते की गई कार्रवाई से अवैध कारोबारियों की योजना पर पानी फिर गया।

पुलिस अधीक्षक संजीव नैन ने बताया कि 24 नवंबर को कोतवाली थाना पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि आगामी मकर संक्रांति के त्योहार पर बिक्री के लिए ट्रांसपोर्ट के माध्यम से भारी मात्रा में चाइनीज मांझा सीकर लाया गया है। मांझे से भरे 25 कार्टून सड़क किनारे रखे हुए हैं और संबंधित व्यक्ति अंधेरा होने के बाद उन्हें वहां से ले जाने वाला है।


सूचना की गंभीरता को देखते हुए कोतवाली पुलिस ने तत्काल विशेष टीम गठित की और उसे मौके पर रवाना किया। पुलिस टीम रामलीला मैदान के पास पहुंची तो सड़क किनारे कार्टूनों का ढेर मिला। तलाशी लेने पर सभी 25 कार्टूनों में प्रतिबंधित चाइनीज मांझा भरा हुआ पाया गया। प्रत्येक कार्टून में 60 चरखी रखी थीं। इस तरह पुलिस ने कुल 1500 चरखी चाइनीज मांझा जब्त कर अपने कब्जे में ले लिया। जब्त माल की अनुमानित कीमत करीब 9 लाख रुपये आंकी गई है।

आमजन और पक्षियों की सुरक्षा के मद्देनजर कार्रवाई

चाइनीज मांझा आमजन के साथ-साथ पक्षियों के लिए भी गंभीर खतरा बन सकता है। मकर संक्रांति के दौरान इसके इस्तेमाल से दुर्घटनाओं की आशंका को देखते हुए पुलिस अवैध मांझे के कारोबार पर लगातार निगरानी रख रही है। शहर के विभिन्न इलाकों में इसकी आपूर्ति और बिक्री की योजना थी, लेकिन पुलिस ने समय रहते कार्रवाई कर इस खेप को जब्त कर लिया।

यह कार्रवाई पुलिस महानिरीक्षक जयपुर रेंज राहुल प्रकाश के निर्देशन तथा जिला पुलिस अधीक्षक सीकर संजीव नैन के पर्यवेक्षण में की गई। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक तेजपाल सिंह के निर्देशन और पुलिस उप अधीक्षक सीकर शहर नवनीत कौर के सुपरविजन में कोतवाली थानाधिकारी सुनील कुमार के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई थी।

कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम में थानाधिकारी सुनील जांगिड़, उप निरीक्षक प्रदीप कुमार तथा कांस्टेबल शंकरलाल एवं दलीप कुमार शामिल रहे। इस कार्रवाई में कांस्टेबल दलीप कुमार की विशेष भूमिका रही। मकर संक्रांति से पहले प्रतिबंधित मांझे की इतनी बड़ी खेप जब्त होने से शहर में इसके अवैध कारोबार और आपूर्ति पर पुलिस की निगरानी की अहमियत सामने आई है।

Tags: