अभिनेता अनुपम खेर और आरआईएफएफ निदेशक सोमेंद्र हर्ष गोवा में आयोजित इफ्फी फिल्म महोत्सव के दौरान साथ खड़े हैं।

राजस्थान में फिल्म पर्यटन को बढ़ावा देने की दिशा में राज्य की फिल्म पर्यटन प्रोत्साहन नीति-2025 को देशी-विदेशी फिल्मकारों से सकारात्मक प्रतिक्रिया मिली है। गोवा में 57वें भारतीय अंतरराष्ट्रीय फिल्म महोत्सव (IFFI 2026) के अंतर्गत आयोजित 20वें वेव्स फिल्म बाज़ार में राजस्थान पर्यटन विभाग का स्टॉल फिल्म निर्माताओं, निर्देशकों, लाइन प्रोड्यूसर्स और ओटीटी प्लेटफॉर्म्स के प्रतिनिधियों के आकर्षण का केंद्र रहा। 20 से 24 नवंबर तक चले इस पांच दिवसीय फिल्म बाज़ार का 24 नवंबर को भव्य समापन हुआ।

राजस्थान की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत, ऐतिहासिक किले-महल, हवेलियां, रेगिस्तानी सौंदर्य और विविध प्राकृतिक लोकेशन्स ने फिल्म जगत से जुड़े प्रतिनिधियों को प्रभावित किया। राजस्थान पर्यटन विभाग और फिल्म फेसिलिटेशन सेल के अधिकारियों ने स्टॉल पर पहुंचे फिल्मकारों को राजस्थान फिल्म पर्यटन प्रोत्साहन नीति-2025 के प्रावधानों, वित्तीय सहायता और राज्य में फिल्म शूटिंग के लिए उपलब्ध सुविधाओं की विस्तृत जानकारी दी।

नीति के तहत पात्र फीचर फिल्मों को उत्पादन व्यय पर 30 प्रतिशत तक सब्सिडी और अधिकतम ₹3 करोड़ तक का प्रोत्साहन दिया जाता है। इसके अलावा वेब सीरीज, डॉक्यूमेंट्री और टीवी सीरियल्स के लिए निर्धारित वित्तीय सहायता की जानकारी भी फिल्म निर्माताओं के लिए आकर्षण का प्रमुख विषय रही। शूटिंग की अनुमति के लिए सिंगल-विंडो सिस्टम के माध्यम से उपलब्ध सरल और त्वरित प्रक्रिया ने राजस्थान को फिल्म निर्माण के अनुकूल गंतव्य के रूप में प्रस्तुत किया।

इस आयोजन में राजस्थान इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल (RIFF) के फेस्टिवल डायरेक्टर सोमेंद्र हर्ष भी मौजूद रहे। वे पिछले लगभग 10 वर्षों से गोवा में आयोजित भारतीय अंतरराष्ट्रीय फिल्म महोत्सव और फिल्म बाज़ार में लगातार भाग ले रहे हैं। इस दौरान उन्होंने भारतीय और अंतरराष्ट्रीय सिनेमा की नई प्रवृत्तियों, फिल्म निर्माण, सह-निर्माण और फिल्म वितरण से जुड़े अवसरों का अवलोकन किया है।

सोमेंद्र हर्ष ने कहा, “IFFI और वेव्स फिल्म बाज़ार भारतीय तथा अंतरराष्ट्रीय सिनेमा के बीच संवाद, सहयोग और नए अवसरों का एक महत्वपूर्ण मंच है। पिछले 10 वर्षों से इस आयोजन में भाग लेते हुए मैंने विश्व सिनेमा की विविधता, नए फिल्मकारों की रचनात्मक सोच और उत्कृष्ट फिल्मों के चयन की प्रक्रिया को करीब से समझा है। इस वर्ष भी यहां प्रदर्शित और प्रस्तुत की जा रही अच्छी फिल्मों, विशेषकर पैनोरमा श्रेणी की फिल्मों को देखने, समझने और चयनित करने का अवसर मिला है।”

उन्होंने बताया कि यहां प्राप्त सिनेमाई अनुभव और फिल्मों के चयन की प्रक्रिया के आधार पर आगामी 13वें राजस्थान इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल (RIFF 2027) के लिए बेहतरीन भारतीय एवं अंतरराष्ट्रीय सिनेमा, गुणवत्तापूर्ण फीचर फिल्मों और पैनोरमा फिल्मों के चयन पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।

RIFF 2027 का आयोजन 6 से 10 जनवरी 2027 तक राजस्थान इंटरनेशनल सेंटर (RIC), जयपुर में होगा। इस संस्करण की थीम “JAIPUR @ 300 – THREE CENTURIES, ONE CITY, INFINITE STORIES” रखी गई है। यह जयपुर शहर के 300 वर्षों के गौरवशाली इतिहास, संस्कृति, विरासत और सिनेमाई संभावनाओं को समर्पित होगी।

सोमेंद्र हर्ष ने कहा कि RIFF का उद्देश्य राजस्थान में फिल्म संस्कृति को बढ़ावा देना, उत्कृष्ट सिनेमा को दर्शकों तक पहुंचाना और स्थानीय एवं अंतरराष्ट्रीय फिल्मकारों के लिए संवाद तथा सहयोग का मंच तैयार करना है। वेव्स फिल्म बाज़ार जैसे वैश्विक आयोजनों में भागीदारी से RIFF को नई फिल्मों, प्रतिभाओं और फिल्म उद्योग के साथ बेहतर जुड़ाव बनाने में मदद मिलती है।

वेव्स फिल्म बाज़ार के समापन के बाद राजस्थान पर्यटन विभाग की टीम कई महत्वपूर्ण बी-टू-बी बैठकों और सकारात्मक चर्चाओं के परिणाम लेकर लौट रही है। इन बैठकों के दौरान फीचर फिल्मों, अंतरराष्ट्रीय डॉक्यूमेंट्री और वेब सीरीज की राजस्थान में शूटिंग को लेकर प्रारंभिक सहमति और रुचि सामने आई है।

फिल्म पर्यटन के विस्तार से राजस्थान में स्थानीय कलाकारों, तकनीशियनों, लाइन प्रोड्यूसर्स, होटल व्यवसायियों, ट्रैवल ऑपरेटर्स और पर्यटन से जुड़े अन्य व्यवसायों के लिए रोजगार तथा आर्थिक विकास के नए अवसर पैदा होने की उम्मीद है। राजस्थान की फिल्म पर्यटन नीति-2025 को वेव्स फिल्म बाज़ार में मिली सकारात्मक प्रतिक्रिया राज्य को देश और दुनिया के फिल्मकारों के लिए आकर्षक, सुविधाजनक और रचनात्मक शूटिंग डेस्टिनेशन बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।

Tags: