जयपुर स्थित प्रधान महालेखाकार कार्यालय में ऑडिट सप्ताह के बैनर के पास अपनी पेंटिंग पकड़े एक छात्रा खड़ी है।

जयपुर में भारतीय लेखा एवं लेखापरीक्षा विभाग की ओर से आयोजित ऑडिट पखवाड़े के तहत विद्यार्थियों को पर्यावरण संरक्षण, प्रदूषण मुक्त भारत और सार्वजनिक धन के पारदर्शी उपयोग का संदेश दिया जा रहा है। इसी क्रम में बुधवार, 25 नवम्बर को प्रधान महालेखाकार कार्यालय में स्कूली बच्चों के लिए चित्रकला प्रतियोगिता आयोजित की गई। इसमें शहर के विभिन्न प्रतिष्ठित विद्यालयों के सैकड़ों छात्र-छात्राओं ने भाग लेकर अपनी रचनात्मक प्रतिभा और कल्पनाशीलता का प्रदर्शन किया।

भारतीय लेखा एवं लेखापरीक्षा विभाग की ओर से 16 से 30 नवम्बर तक ऑडिट पखवाड़ा मनाया जा रहा है। इसके तहत जयपुर स्थित प्रधान महालेखाकार कार्यालय में विद्यार्थियों के लिए विभिन्न रचनात्मक और जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। चित्रकला प्रतियोगिता में अलग-अलग कक्षाओं के विद्यार्थियों के लिए तीन विषय निर्धारित किए गए थे। कक्षा 3 से 5 तक के बच्चों को 'प्रकृति', कक्षा 6 से 8 तक के विद्यार्थियों को 'प्रदूषण मुक्त भारत' और कक्षा 9 से 12 तक के छात्र-छात्राओं को 'विकसित भारत-2047' विषय पर चित्र बनाने का अवसर दिया गया।

प्रतियोगिता में सेंट जेवियर स्कूल, सेंट एनीस स्कूल, महावीर पब्लिक स्कूल, विनय भारती बाल मंदिर, मदर ग्रेस स्कूल और अपैक्स इंटरनेशनल स्कूल सहित शहर के विभिन्न विद्यालयों के सैकड़ों विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। बच्चों ने अपनी चित्रकलाओं के माध्यम से पर्यावरण संरक्षण, स्वच्छता और विकसित भारत की परिकल्पना को प्रस्तुत किया।

इस अवसर पर प्रधान महालेखाकार कार्यालय के डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम हॉल में भारतीय लेखा एवं लेखा परीक्षा विभाग (आईए एंड एडी) के कार्यों पर आधारित प्रदर्शनी भी लगाई गई। विद्यार्थियों ने प्रदर्शनी में विशेष रुचि दिखाई। प्रतियोगिता की प्रत्येक श्रेणी में सफल तीन प्रतिभागियों को शुक्रवार, 27 नवम्बर को नकद पुरस्कार देकर सम्मानित किया जाएगा। इसके अलावा सभी प्रतिभागियों को प्रशस्ति पत्र प्रदान किए जाएंगे।

ऑडिट पखवाड़े के तहत विद्यार्थियों को जागरूक करने के लिए राजा रामदेव पोद्दार राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय में 'पैसा बोलता है, सीएजी सुनता है' शीर्षक से नुक्कड़ नाटक भी प्रस्तुत किया गया। लेखा परीक्षा कार्यालय के कार्मिकों ने इस नाटक के माध्यम से भारत के नियंत्रक एवं महालेखा परीक्षक (सीएजी) के दायित्वों और कार्यप्रणाली की जानकारी दी। साथ ही सार्वजनिक धन के उपयोग में पारदर्शिता और जवाबदेही के महत्व को समझाया।

नाटक के समापन के बाद प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता आयोजित की गई, जिसमें विजेता विद्यार्थियों को पुरस्कृत किया गया। कार्यक्रम में प्रधान महालेखाकार सुश्री के. मणि मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहीं। उन्होंने विद्यार्थियों से मेहनत, लगन और अनुशासन के साथ अध्ययन करने तथा देश की उन्नति में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया।

नुक्कड़ नाटक का निर्देशन कल्याण अधिकारी रजनीश शर्मा ने किया। इसमें उपेन्द्र सिंह राठौड़, किशोर कुमार, शेखर विजय, सतनाम सिंह सूरी, अनंत जैन, विजेंद्र कुमार और राहुल भदाला ने प्रमुख भूमिकाएं निभाईं।

ऑडिट पखवाड़े के अंतर्गत 26 नवम्बर को जयपुर के अल्बर्ट हॉल के सामने, सी-स्कीम स्थित सेंट्रल पार्क और मानसरोवर स्थित सिटी पार्क में भी नुक्कड़ नाटकों का मंचन किया जाएगा। इन आयोजनों का उद्देश्य आमजन और विद्यार्थियों को लेखा परीक्षा, वित्तीय पारदर्शिता और जिम्मेदार नागरिकता के प्रति जागरूक करना है।

Tags: